ईद मिलादुन्नबी के मद्देनजर चंदौली पुलिस ने की पीस कमेटी की बैठक
जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील
बिना अनुमति के जुलूस निकालने पर रोक
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर
चंदौली जिले में आगामी त्योहारों व ईद मिलादुन्नबी (बरावफात) के मद्देनजर, चंदौली पुलिस ने जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर, 2 सितंबर 2025 को सभी थानों में जुलूस आयोजकों, धर्मगुरुओं और संभ्रांत व्यक्तियों के साथ पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।

बिना अनुमति के जुलूस निकालने पर रोक
बैठक के दौरान, उपस्थित लोगों को त्योहारों के संबंध में सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कोई भी जुलूस बिना अनुमति के नहीं निकाला जाएगा। जुलूस निकालने से पहले उसके मार्ग और समय की जानकारी प्रशासन को देनी होगी, ताकि उचित पुलिस प्रबंधन किया जा सके और त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। साथ ही साथ यह भी बताया गया कि जुलूस पारंपरिक मार्गों से ही निकाले जाएं और उनके रास्ते में किसी भी प्रकार का बदलाव न किया जाए।

सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर
पुलिस ने लोगों से त्योहारों को शांतिपूर्ण और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। साथ ही, उनसे कहा गया कि क्षेत्र में होने वाली छोटी से छोटी घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि कोई बड़ा विवाद न हो सके।

पुलिस ने सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों को भी चेतावनी दी। बताया गया कि पुलिस की सोशल मीडिया टीम ऐसे लोगों पर लगातार नजर रख रही है और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








