जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

चंदौली में लागू हुई 'पीएम-राहत' और 'राहवीर योजना', घायल को अस्पताल पहुंचाने वालों को मिलेगा सम्मान

चंदौली पुलिस ने सड़क हादसे के पीड़ितों को समय पर इलाज और मदद करने वालों की सुरक्षा के लिए 'पीएम-राहत' और 'राहवीर योजना' का प्रचार शुरू किया है। इसके तहत पीड़ितों का ₹1.5 लाख तक मुफ्त इलाज होगा।

 
 

पीएम राहत और राहवीर योजना की पहल

घायलों के लिए 1.5 लाख का मुफ्त इलाज

गोल्डन आवर में तुरंत इलाज की सुविधा

मददगारों को पुलिस कार्रवाई से पूरी छूट

चंदौली पुलिस की जन-जागरूकता मुहिम

 चंदौली जिले में सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर इलाज दिलाने और उनकी जान बचाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने एक खास पहल की है। उच्च अधिकारियों के निर्देशन में जिले भर में "पीएम-राहत" और "राहवीर योजना" को लेकर जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

'पीएम-राहत' योजना: मिलेगा ₹1.5 लाख तक का कैशलेस इलाज
इस योजना का मुख्य मकसद हादसे के शिकार लोगों को 'गोल्डन आवर' यानी दुर्घटना के ठीक बाद के शुरुआती समय में तुरंत इलाज मुहैया कराना है। योजना के तहत पीड़ित व्यक्ति को आयुष्मान भारत (AB-PMJAY) से जुड़े अस्पतालों में ₹1.5 लाख तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी। इसमें 7 दिनों तक अस्पताल में भर्ती और उपचार का पूरा खर्च शामिल है। यह सुविधा हिट एंड रन के मामलों में भी लागू होगी और इसमें पुलिस कार्रवाई से पहले इलाज को प्राथमिकता दी जाएगी।

'राहवीर योजना': मददगारों को मिलेगा सम्मान और सुरक्षा
सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की मदद करने वाले आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए 'राहवीर योजना' बनाई गई है। इसके तहत अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति से न तो अस्पताल प्रशासन कोई फालतू सवाल पूछेगा और न ही उसे किसी पुलिसिया या कानूनी चक्कर में पड़ने की जरूरत होगी। निस्वार्थ भाव से मदद करने वाले नागरिकों को जिला स्तर पर सम्मानित भी किया जाएगा।

आपात स्थिति में तुरंत करें पुलिस से संपर्क
चंदौली पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे बिना किसी डर के सड़क हादसे में घायलों की मदद करें। किसी भी दुर्घटना की स्थिति में नागरिक तुरंत डायल 112 या चंदौली पुलिस नियंत्रण कक्ष में सूचना दे सकते हैं, ताकि समय पर मदद पहुंचाई जा सके।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*