चंदौली जिले की सर्विलांस टीम ने ढूँढे ₹33 लाख के 111 खोए मोबाइल, फोन पाकर खिले नागरिकों के चेहरे खिले
चन्दौली पुलिस की स्वाट और सर्विलांस टीम ने अथक प्रयास और आधुनिक CEIR पोर्टल की मदद से विभिन्न क्षेत्रों से खोए हुए 111 कीमती मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद किए हैं। एसपी आकाश पटेल ने इन मोबाइलों को उनके असली स्वामियों को सौंपकर उनके चेहरों पर मुस्कान लौटाई।
चन्दौली पुलिस ने बरामद किए 111 मोबाइल
बरामद मोबाइलों की कीमत 33.30 लाख रुपये
CEIR पोर्टल और सर्विलांस टीम की कामयाबी
पुलिस लाइन सभागार में बांटे गए मोबाइल
खोए हुए फोन पाकर खिले स्वामियों के चेहरे
चन्दौली जिले में पुलिस प्रशासन को एक बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) चन्दौली, श्री आकाश पटेल के कुशल निर्देशन में काम कर रही स्वाट और सर्विलांस टीम ने विभिन्न स्थानों से गुमशुदा और खोए हुए कुल 111 मल्टीमीडिया मोबाइल सेटों को सफलतापूर्वक बरामद कर लिया है। बरामद किए गए इन सभी अत्याधुनिक मोबाइल फोन की कुल अनुमानित बाजार कीमत लगभग 33,30,000 रुपये आंकी गई है।

CEIR पोर्टल और तकनीकी टीम को मिली सफलता
दरअसल, जिला पुलिस को जनसुनवाई के माध्यम से लगातार मोबाइल गुम होने और गिरने से संबंधित प्रार्थना पत्र प्राप्त हो रहे थे। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए एसपी आकाश पटेल ने स्वाट और सर्विलांस टीम को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीमों ने भारत सरकार के अत्याधुनिक CEIR पोर्टल से प्राप्त डाटा और सटीक तकनीकी माध्यमों का उपयोग करते हुए लगातार सतत प्रयास किया, जिसके परिणामस्वरूप इन 111 मोबाइलों को ट्रेस किया जा सका।
पुलिस लाइन में हुआ भव्य मोबाइल वितरण कार्यक्रम
सफलतापूर्वक बरामदगी के बाद आज दिनांक 03 जून 2026 को पुलिस लाइन चन्दौली के नवीन सभागार कक्ष में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक चन्दौली ने अपर पुलिस अधीक्षक सदर की गरिमामयी उपस्थिति में सभी बरामदशुदा मोबाइल फोन्स को उनके वास्तविक और मूल स्वामियों को अपने हाथों से सुपुर्द किया। अपने खोए हुए कीमती फोन वापस पाकर मोबाइल स्वामियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। सभी नागरिकों ने पुलिस की इस त्वरित कार्यप्रणाली की खुले दिल से सराहना की।

सकलडीहा और चन्दौली थाना क्षेत्र से सबसे ज्यादा रिकवरी
चन्दौली पुलिस द्वारा जारी किए गए आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, जिले के विभिन्न थानों से ये मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इनमें सबसे अधिक रिकवरी सकलडीहा थाने से 27 और चन्दौली थाने से 25 मोबाइलों की हुई है। इसके अलावा मुगलसराय से 12, धीना से 11, सैयदराजा से 08, सर्विलांस सेल से 07, चकरघट्टा से 05, बबुरी व शहाबगंज से 03-03, और अलीनगर, चकिया, नौगढ़, कंदवा तथा धानापुर थानों से 02-02 मोबाइलों की बरामदगी की गई है।
सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम के सदस्य
इस शानदार और जनहितैषी कार्य को अंजाम देने में स्वाट टीम के प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव और सर्विलांस टीम के प्रभारी आशीष मिश्रा ने मुख्य भूमिका निभाई। इसके साथ ही टीम के मुख्य आरक्षी (हेड कांस्टेबल) अरविंद कुमार यादव, राणाप्रताप सिंह, रामानंद यादव, आशुतोष सिंह, आनंद सिंह, प्रेमप्रकाश यादव, आदित्य कुमार पांडेय, मंटू सिंह और आरक्षी (कांस्टेबल) अजीत सिंह, मनीष कुमार, संदीप कुमार तथा गणेश तिवारी के कड़े परिश्रम के चलते इस बड़े ऑपरेशन को सफलता मिली है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








