चंदौली पुलिस ने दिलाई बड़ी राहत, 9 नाबालिग बच्चों को भिक्षावृत्ति से कराया मुक्त
मिशन शक्ति अभियान फेज-5 में बड़ी सफलता
ऑपरेशन बचपन के तहत पुलिस की कार्रवाई
9 नाबालिग बच्चों को भिक्षावृत्ति से दिलाई मुक्ति
चंदौली जिले में मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के तहत चलाए जा रहे "ऑपरेशन बचपन" में चंदौली पुलिस ने सराहनीय सफलता हासिल की है। थाना चकिया क्षेत्र से 9 नाबालिग बच्चों को बाल भिक्षावृत्ति से मुक्त कराकर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया।

आपको बता दें कि पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) दिगम्बर कुशवाहा और क्षेत्राधिकारी चकिया रघुराज के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में एएचटीयू के निरीक्षक राघवेन्द्र सिंह, कांस्टेबल रामजी घुसिया, बाल श्रम अधिकारी चन्द्र प्रकाश, एनपीओ सौरभ सिंह और राकेश यादव शामिल रहे।

बताते चलें कि अभियान के दौरान पुलिस टीम ने बच्चों को भिक्षावृत्ति की स्थिति से मुक्त कराया और उन्हें बाल न्यायालय में प्रस्तुत किया। इसके बाद बच्चों को बाल शिशु गृह में सुरक्षित स्थान पर भेजा गया। कुछ मामलों में बच्चों को परिजनों को सुपुर्द किया गया ताकि वे परिवार की देखरेख में सामान्य जीवन जी सकें।

शुक्रवार, 19 सितंबर को पुलिस ने ताजा कार्रवाई करते हुए चकिया क्षेत्र से 3 बच्चों को मुक्त कराया और उन्हें परिजनों को सौंपा।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि बच्चों का बचपन सड़क पर भीख मांगने में नहीं, बल्कि शिक्षा और सुरक्षित माहौल में बीतना चाहिए। इस अभियान से समाज में यह संदेश गया है कि बाल भिक्षावृत्ति न केवल गैरकानूनी है बल्कि बच्चों के भविष्य के लिए भी नुकसानदेह है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








