जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली में वोटरों के लिए बड़ा बूथ लेवल पर बदलाव: अब जिले में होंगे कुल 1671 पोलिंग बूथ, 30 पुराने बूथ मर्ज और 9 नए बने

चंदौली में चुनाव आयोग के निर्देश पर पोलिंग बूथों का पुनर्गठन पूरा कर लिया गया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी की बैठक में राजनीतिक दलों की सहमति से 30 पुराने बूथों को मर्ज कर 9 नए बूथ बनाने का फैसला हुआ है।

 
 

चंदौली में अब होंगे 1671 बूथ

बुजुर्गों के लिए भूतल पर मतदान

दो किलोमीटर से अधिक दूरी नहीं

राजनीतिक दलों की बैठक में फैसला

जर्जर भवनों से बदले गए बूथ

 चंदौली जिले में आगामी चुनावों को देखते हुए मतदाताओं की सहूलियत और पूरी मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए पोलिंग बूथों के युक्तिकरण और पुनर्गठन की प्रक्रिया को अंतिम रूप दे दिया गया है। इस सिलसिले में शुक्रवार, 17 जुलाई 2026 को कलेक्ट्रेट सभागार में उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिले के तमाम मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्यीय राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों ने शिरकत की।

भूतल पर बनेंगे बूथ और 2 किमी की तय सीमा
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बैठक में साफ किया कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार जिले के अत्यंत पुराने और जर्जर हो चुके भवनों के बूथों को सुरक्षित व स्थायी सरकारी भवनों में शिफ्ट किया जा रहा है। इसके अलावा प्रशासन ने इस बात का विशेष ध्यान रखा है कि किसी भी वोटर को वोट डालने के लिए 2 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय न करनी पड़े। सभी बूथों को बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर (भूतल) पर ही बनाया जाएगा ताकि बुजुर्ग और दिव्यांग वोटरों को सीढ़ियां चढ़ने की परेशानी न उठानी पड़े।

30 पुराने बूथों का समायोजन और 9 नए बूथ
बारीकी से किए गए भौतिक सत्यापन और सर्वे के बाद जिले में 1200 से अधिक मतदाता संख्या वाले क्षेत्रों में कुल 9 नए मतदेय स्थल (बूथ) बढ़ाए गए हैं। वहीं दूसरी तरफ, आयोग की गाइडलाइंस के अनुसार 1200 से कम वोटर होने के चलते 30 पुराने और अनुपयोगी बूथों को बंद करके पास के ही दूसरे बूथों में मर्ज कर दिया गया है। इस बड़े बदलाव के बाद अब जिले में कुल बूथों की संख्या 1691 से घटकर 1671 रह जाएगी। इस पूरे फाइनल प्रस्ताव को मंजूरी के लिए भारत निर्वाचन आयोग के पास भेजा जा रहा है।

जर्जर भवनों से हटाए गए मतदान केंद्र
प्रशासनिक टीम ने जनप्रतिनिधियों और राजनैतिक दलों से मिले 18 महत्वपूर्ण प्रस्तावों और सुझावों का गहन परीक्षण किया था। इसमें से आयोग के नियमों पर खरे उतरने वाले 2 बड़े सुझावों को तत्काल हरी झंडी दे दी गई। साथ ही, जांच में बेहद जर्जर घोषित हो चुके 9 भवनों से मतदान केंद्रों को सुरक्षित व पक्के सरकारी भवनों में ट्रांसफर करने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। सभी बूथों पर रैंप, पेयजल, बिजली, शौचालय और छांव जैसी मूलभूत सुविधाएं भी दुरुस्त की जाएंगी।

बैठक में ये प्रमुख जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में चकिया विधानसभा (383) के माननीय विधायक और सैयदराजा (382) विधानसभा के विधायक प्रतिनिधि विशेष तौर पर शामिल हुए। उनके अलावा जिले के सभी प्रमुख राजनैतिक दलों के जिलाध्यक्ष, पदाधिकारी और सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एसडीएम) मौजूद रहे। बैठक की शुरुआत में 1-2 मुद्दों को लेकर मामूली असहमति थी, लेकिन विस्तृत चर्चा और जनहित को देखते हुए सभी दलों ने इस नए प्रस्ताव पर अपनी सर्वसम्मति दे दी।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*