जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली के युवाओं के लिए खुशखबरी! 13 जुलाई को लगेगा बड़ा रोजगार मेला, मारुति सुजुकी और हिंडाल्को समेत 10 कंपनियाँ करेंगी भर्ती

चंदौली के रेवसा आईटीआई परिसर में 13 जुलाई को सुबह 10 बजे से एक वृहद रोजगार मेले का आयोजन होने जा रहा है। मारुति सुजुकी और हिंडाल्को जैसी 10 बड़ी कंपनियाँ युवाओं को नौकरी का मौका देंगी।

 
 

13 जुलाई को लगेगा रोजगार मेला

रेवसा आईटीआई परिसर में होगा आयोजन

10 से अधिक बड़ी कंपनियाँ शामिल

ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन की सुविधा

18 से 40 वर्ष के युवा पात्र

चंदौली जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का एक बहुत बड़ा और सुनहरा अवसर सामने आया है। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के मिशन निदेशक द्वारा 'विश्व युवा कौशल दिवस' के उपलक्ष्य में बुलाई गई ऑनलाइन बैठक के बाद जिले में बड़ी तैयारी की गई है। मुख्य विकास अधिकारी (CDO) आर जगत साई के मार्गदर्शन में आगामी 13 जुलाई को सुबह 10 बजे से एक वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है।

रेवसा आईटीआई परिसर में सजेगा मेला
जिला समन्वयक उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन चंदौली, अजय कुमार ने बताया कि यह मेगा जॉब फेयर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) रेवसा, चन्दौली के परिसर में लगेगा। इस मेले की सबसे खास बात यह है कि युवाओं की सुविधा के लिए आवेदन के दोनों रास्ते खुले रखे गए हैं। बेरोजगार अभ्यर्थी क्यूआर (QR) कोड के जरिए ऑनलाइन भी अप्लाई कर सकते हैं और सीधे आयोजन स्थल पर आकर ऑफलाइन भी हिस्सा ले सकते हैं।

मारुति सुजुकी और हिंडाल्को जैसी कंपनियाँ आएंगी
यह रोजगार मेला उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, राजकीय आईटीआई और जिला सेवायोजन कार्यालय चंदौली के संयुक्त प्रयास से आयोजित हो रहा है। मेले में देश की 10 से ज्यादा नामी और प्रतिष्ठित निजी कंपनियाँ आ रही हैं। इनमें प्रमुख रूप से मारुति सुजुकी, हिंडाल्को, मैक्सवेल हॉस्पिटल, एस.बी.आई. लाइफ (SBI Life), हर्ट टच होम हेल्थकेयर प्रा. लि., मर्सी होम हेल्थकेयर, एम.आर.एफ. (MRF), सुब्रोस लिमिटेड, पी.पी. एण्ड कम्पनी और नवजीवन हेल्थकेयर शामिल हैं।

योग्यता और जरूरी नियम भी जान लीजिए
इस मेले में भाग लेने के लिए अभ्यर्थी की उम्र 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो हाईस्कूल, स्नातकोत्तर (PG), आईटीआई (ITI), डिप्लोमा और कौशल विकास मिशन से ट्रेनिंग ले चुके युवा इसके पात्र हैं। मेले में आने वाले सभी अभ्यर्थियों को अपने साथ मूल अंकपत्र (ओरिजिनल मार्कशीट), सर्टिफिकेट, बायोडाटा (Resume) और 4 पासपोर्ट साइज फोटो लेकर तय समय से आधा घंटा पहले, यानी सुबह 09:30 बजे रेवसा आईटीआई ग्राउंड पहुंचना होगा।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*