जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

मझवार रेलवे स्टेशन के पास बड़ा एक्सीडेंट, सड़क पार कर रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग के उड़ गए चीथड़े

चंदौली के नेशनल हाईवे-19 पर रविवार सुबह सड़क पार कर रहे एक 65 वर्षीय बुजुर्ग को अज्ञात वाहन ने बेरहमी से रौंद दिया। हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

 
 

नेशनल हाईवे पर अज्ञात वाहन ने रौंदा

हादसे में बुजुर्ग की मौके पर मौत

जेब में मिले आधार कार्ड से पहचान

सदर पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेजा शव

अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज

 चंदौली जिले में रविवार की सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। सदर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मझवार रेलवे स्टेशन के सामने नेशनल हाईवे-19 पर एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने पैदल सड़क पार कर रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग को बुरी तरह रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

आधार कार्ड से हुई मृतक बुजुर्ग की शिनाख्त
घटना की जानकारी मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस को जांच के दौरान मृतक के पास मौजूद कपड़ों की जेब से एक आधार कार्ड मिला। आधार कार्ड की मदद से मृतक की पहचान 65 वर्षीय लालचंद के रूप में की गई है। वह सैयदराजा थाना क्षेत्र के फुटिया गांव के रहने वाले थे। पुलिस के मुताबिक, लालचंद रविवार सुबह पैदल ही सड़क पार करके अपने घर वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।

पहचान के बाद परिजनों को दी गई सूचना
सदर कोतवाल बिंदेश्वरी पांडेय ने बताया कि मृतक के पास मिले आधार कार्ड के जरिए उनके परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। खबर मिलते ही रोते-बिलखते परिजन भी कोतवाली थाने पहुंच गए हैं। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों से तहरीर ली जा रही है, जिसके आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*