जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

सांसद साधना सिंह ने मानिकपुर में बांटे कंबल, 'स्व. आलोक कुमार सिंह फाउंडेशन' की सेवा पहल की सराहना

चंदौली के ग्राम सभा मानिकपुर में स्वर्गीय आलोक कुमार सिंह की स्मृति में भव्य सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राज्यसभा सांसद साधना सिंह की मौजूदगी में 400 जरूरतमंदों को कंबल बांटे गए और निःशुल्क चिकित्सा शिविर के जरिए मरीजों का इलाज किया गया।

 
 

मानिकपुर में 400 जरूरतमंदों को मिले कंबल

सांसद साधना सिंह ने सेवा कार्य को सराहा

पॉपुलर हॉस्पिटल के सहयोग से हेल्थ कैंप

स्वामी विवेकानंद जयंती पर विशेष आयोजन

निशुल्क दवा वितरण और नाश्ते का प्रबंध

चंदौली जिले के बरहनी में नर सेवा ही नारायण सेवा है, इस संकल्प को चरितार्थ करते हुए एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। सोमवार को चंदौली जनपद के विकास खंड बरहनी अंतर्गत ग्राम सभा मानिकपुर में एक भव्य सेवा कार्यक्रम संपन्न हुआ। स्वर्गीय आलोक कुमार सिंह की पावन स्मृति में और राष्ट्रीय युवा दिवस (स्वामी विवेकानंद जयंती) के अवसर पर 'स्व. आलोक कुमार सिंह फाउंडेशन' द्वारा कंबल वितरण और निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।

 chandauli news sadhana singh mp, chandauli khabar blanket distribution

सांसद साधना सिंह ने बढ़ाया सेवा का उत्साह
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भीषण शीतलहरी के इस दौर में किसी असहाय को तन ढकने के लिए कंबल प्रदान करना ईश्वरीय कार्य के समान है। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि स्वर्गीय आलोक कुमार सिंह की याद में उनके पुत्र कुलदीप कुमार सिंह जिस तरह प्रतिवर्ष समाज सेवा का बीड़ा उठा रहे हैं, वह क्षेत्र के लिए प्रेरणादायी है। साधना सिंह ने विवेकानंद जयंती के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवाओं को ऐसे ही रचनात्मक और सेवाभावी कार्यों से जुड़ना चाहिए।

400 परिवारों को मिला सहारा और निःशुल्क चिकित्सा
फाउंडेशन के तत्वावधान में क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों से आए लगभग 400 गरीब एवं असहाय लोगों को कंबल वितरित किए गए। कड़कड़ाती ठंड में कंबल पाकर वृद्धों और महिलाओं के चेहरे पर संतोष का भाव दिखा। इसके साथ ही पॉपुलर हॉस्पिटल वाराणसी के सहयोग से एक विशाल स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। डॉ. आकाश, डॉ. टुनिषा, डॉ. अविनाश और डॉ. प्रज्ञा पांडेय की विशेषज्ञ टीम ने मरीजों की जांच की और उन्हें निःशुल्क दवाएं प्रदान कीं। लाभार्थियों के लिए नाश्ते के पैकेट का भी विशेष प्रबंध किया गया था।

गणमान्य जनों की गरिमामयी उपस्थिति
आयोजक कुलदीप कुमार सिंह ने सभी अतिथियों का माल्यार्पण कर और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व ब्लॉक प्रमुख विजेंद्र प्रताप सिंह (महंत सिंह), अम्बरीष सिंह भोला और विधायक प्रतिनिधि हर्षवर्धन सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अशोक सिंह, अजय सिंह, आशीष कुमार सिंह (छोटू) सहित विभिन्न ग्रामों के प्रधान और संभ्रांत नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम का कुशल संचालन फाउंडेशन के सचिव अरुण सिंह ने किया।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*