नीति आयोग प्रतिनिधि शिवम मिश्रा ने फगुइयां व बर्थरा खुर्द में स्कूल-आंगनबाड़ी का किया निरीक्षण
चंदौली में नीति आयोग के प्रतिनिधि शिवम मिश्रा ने सम्पूर्णता अभियान 2.0 के तहत स्कूल, आंगनबाड़ी व आयुष्मान आरोग्य केंद्रों का निरीक्षण कर शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की समीक्षा की।
सम्पूर्णता अभियान 2.0 निरीक्षण
स्कूल-आंगनबाड़ी की गुणवत्ता जांच
निपुण तालिका के अनुसार मूल्यांकन
मिड-डे मील की गुणवत्ता परखी
स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी मॉनिटरिंग
आकांक्षी जनपद में संचालित सम्पूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत नीति आयोग के प्रतिनिधि के रूप में शिवम मिश्रा ने फगुइयां और बर्थरा खुर्द क्षेत्र का दौरा कर शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और कृषि से जुड़े प्रमुख संकेतकों की जमीनी हकीकत परखी। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

प्राथमिक विद्यालय व आंगनबाड़ी केंद्र की जांच
निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय फगुइयां और परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया गया। शिक्षण गुणवत्ता, निपुण तालिका के अनुसार बच्चों के शैक्षिक स्तर, हिंदी और गणित की समझ तथा कक्षा-वार मूल्यांकन की समीक्षा की गई। बच्चों की उपस्थिति, ड्रेस, पेयजल व्यवस्था और शौचालय की स्वच्छता की भी जांच की गई।
मिड-डे मील और पोषण पर विशेष ध्यान
मध्याह्न भोजन (MDM) की गुणवत्ता, मेन्यू के अनुरूप भोजन वितरण और साफ-सफाई की स्थिति का निरीक्षण किया गया। आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के वजन, पोषाहार वितरण रजिस्टर और उपस्थिति की भी जांच की गई। कार्यकर्ताओं को खेल-खेल में शिक्षा देने तथा अभिभावकों से नियमित संपर्क बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा
आयुष्मान आरोग्य मंदिर फगुइयां और उच्चीकृत उपकेंद्र में गर्भवती महिलाओं की जांच, टीकाकरण, स्वास्थ्य कार्ड वितरण और दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली गई। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को लेकर संबंधित कर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
बर्थरा खुर्द में भी किया निरीक्षण
तत्पश्चात प्राथमिक विद्यालय एवं आंगनवाड़ी केंद्र बर्थरा खुर्द का भी निरीक्षण किया गया। आंगनवाड़ी केंद्र के शौचालय में ताला बंद पाए जाने पर नाराजगी जताई गई और स्कूल समय में बच्चों के उपयोग के लिए इसे खुला रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास), खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, ग्राम प्रधान और प्रधानाचार्य उपस्थित रहे। अधिकारियों को सभी प्रमुख संकेतकों की 100 प्रतिशत संतृप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







