चंदौली के सरकारी स्कूलों का औचक निरीक्षण: अच्छे स्कूलों में अफसरों ने बच्चों संग ज़मीन पर बैठकर खाया मिड-डे मील
चंदौली के सरकारी स्कूलों में सुधार के लिए प्रशासन ने अचानक छापेमारी की। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और बीईओ ने क्लासरूम में बच्चों की पढ़ाई परखी, सफाई का जायजा लिया और बच्चों के साथ बैठकर मिड-डे मील का स्वाद चखा।
चंदौली के परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण
अफसरों ने बच्चों संग खाया मिड-डे मील
क्लासरूम में बच्चों की पढ़ाई का लिया जायजा
निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों की हुई समीक्षा
परिसर में साफ-सफाई के दिए सख्त निर्देश
चंदौली जिले के जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर चंदौली जिले के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक परिषदीय विद्यालयों में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए विशेष औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार और सभी खंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) ने विभिन्न स्कूलों में पहुँचकर पढ़ाई, सफाई और मिड-डे मील की ज़मीनी हकीकत का जायजा लिया।

बीएसए ने कस्तूरबा और पीएम श्री स्कूल की परखी व्यवस्था
निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने नियामताबाद स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय और जफरपुर के पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय का दौरा किया। वहीं, सभी बीईओ ने अपने-अपने क्षेत्रों के दर्जनों सरकारी स्कूलों में अचानक पहुँचकर व्यवस्थाओं को परखा। अधिकारियों ने क्लासरूम में जाकर बच्चों से हिंदी, गणित और सामान्य ज्ञान के सवाल पूछे और उनके शैक्षणिक स्तर को देखा।

अफसरों ने बच्चों संग पंक्ति में बैठकर खाया खाना
इस निरीक्षण अभियान की सबसे खास और अनोखी बात यह रही कि भोजन की गुणवत्ता जांचने के लिए अधिकारियों ने खुद बच्चों के साथ पंक्ति में बैठकर मिड-डे मील खाया। मीनू के हिसाब से बने भोजन के स्वाद और पौष्टिकता पर संतोष व्यक्त करते हुए अफसरों ने प्रधानाध्यापकों और रसोइयों को रसोईघर में स्वच्छता व खाद्यान्न के सही रखरखाव की सख्त हिदायत दी।

शिक्षा की गुणवत्ता और स्वच्छता प्रशासन की प्राथमिकता
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने स्पष्ट किया कि इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य स्कूलों में पढ़ाई का बेहतर माहौल बनाना है। 'निपुण भारत मिशन' के तहत बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना, परिसर में पेयजल और शौचालयों की नियमित सफाई बनाए रखना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








