जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली में बदला स्कूलों का समय: जिलाधिकारी ने जारी की नया टाइम टेबल, छात्रों को मिली राहत

 चंदौली में बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने स्कूलों के समय में बड़ा बदलाव किया है। अब सोमवार से जिले के सभी परिषदीय और निजी विद्यालय दोपहर 12:30 बजे तक ही संचालित होंगे।

 
 

भीषण गर्मी के कारण बदला स्कूल समय

सुबह साढ़े सात से साढ़े बारह स्कूल

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग का बड़ा आदेश

सोमवार से लागू होगी नई समय-सारणी

निजी और सरकारी स्कूलों पर नियम लागू

चंदौली जिले में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने जिले के सभी स्कूलों के संचालन समय में परिवर्तन करने का आधिकारिक निर्देश जारी किया है। यह निर्णय बढ़ती धूप और लू के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को रोकने के लिए लिया गया है।

Image

अब सुबह 7:30 से 12:30 तक चलेंगे विद्यालय
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अब जिले के सभी परिषदीय, निजी और मान्यता प्राप्त विद्यालय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित किए जाएंगे। यह नई समय-सारणी आगामी सोमवार से प्रभावी होगी। प्रशासन का उद्देश्य बच्चों को दोपहर की उस भीषण गर्मी से बचाना है, जो उनके स्वास्थ्य के लिए हानिकारक साबित हो सकती है।

Image

स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी के बाद लिया गया निर्णय
स्कूलों के समय में यह बदलाव जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी गर्मी से बचाव की एडवाइजरी के बाद लिया गया है। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से तापमान में लगातार वृद्धि हो रही थी, जिससे अभिभावक और शिक्षक संगठन बच्चों की सेहत को लेकर चिंतित थे। इसी को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को त्वरित कार्यवाही करने का निर्देश दिया।

शिक्षक संगठनों की मांग पर लगी मुहर
यह फैसला केवल प्रशासनिक स्तर पर ही नहीं, बल्कि शिक्षक संगठनों के सुझावों और मांग के आधार पर भी लिया गया है। महिला शिक्षक संघ चन्दौली की टीम ने जिला अध्यक्ष डॉ. सुनीता तिवारी के नेतृत्व में शनिवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) को इस संबंध में एक ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में बच्चों को भीषण लू और धूप से बचाने के लिए स्कूल के समय में कटौती की मांग की गई थी, जिसे प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए स्वीकार कर लिया है।

इस आदेश के बाद जिले के सभी प्रधानाध्यापकों और विद्यालय प्रबंधकों को नई समय-सारणी का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि छात्रों को भीषण गर्मी के प्रकोप से सुरक्षित रखा जा सके।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*