जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

बलुआ में गंगा पुल से कूदे गो-तस्कर की मौत का मामला: SDM सदर के सामने 31 अगस्त तक गवाही का मौका

बलुआ में पुलिस चेकिंग के दौरान गंगा पुल से कूदने वाले तस्कर की मौत के मामले में मजिस्ट्रेट जांच शुरू हो गई है। SDM सदर ने 31 अगस्त तक घटना से जुड़े सबूत और गवाही दर्ज कराने की अपील की है।

 

पुलिस चेकिंग के दौरान पुल से कूदे थे पशु तस्कर

आजमगढ़ निवासी घायल तस्कर काजू कुमार की इलाज में मौत

जिलाधिकारी के आदेश पर SDM सदर को सौंपी गई जांच

31 अगस्त तक कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं साक्ष्य

चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र में पुलिस गश्त के दौरान गंगा नदी पुल से कूदने और इलाज के दौरान एक पशु तस्कर की मौत होने के मामले में प्रशासनिक जांच तेज हो गई है। जिलाधिकारी चंदौली के आदेश (संख्या 27/जे०ए०-मजि०जाँच/2026 दिनांक 04 अगस्त 2026) के क्रम में घटना की वास्तविक सच्चाई सामने लाने के लिए उप जिला मजिस्ट्रेट (SDM) सदर, चंदौली को जांच अधिकारी नामित किया गया है।

31 अगस्त तक मौखिक, लिखित या डिजिटल साक्ष्य देने का मौका

उप जिला मजिस्ट्रेट सदर ने सर्वसाधारण को सूचित करते हुए जानकारी दी है कि इस घटना से संबंधित कोई भी व्यक्ति यदि किसी भी प्रकार का मौखिक, दस्तावेजी या डिजिटल साक्ष्य प्रस्तुत करना चाहता है, तो वह 31 अगस्त 2026 तक प्रत्येक कार्य दिवस में चंदौली स्थित उनके कार्यालय या अनुश्रवण कक्ष में उपस्थित होकर अपना बयान दर्ज करा सकता है और साक्ष्य दे सकता है।

chandauli-smuggler-death-case-sdm-magisterial-inquiry-witness

इसे भी पढ़ें -  बलुआ पुलिस ने बताया- आखिर क्यों चेकिंग देख पुल से गंगा के रेते में कूदे गो-तस्कर, ऐसे गयी एक की जान गई

25 जुलाई की सुबह पुलिस को देखकर घबराए थे तस्कर

यह पूरा घटनाक्रम 25 जुलाई 2026 की सुबह लगभग 6:10 बजे का है। बलुआ थाना क्षेत्र की मारूफपुर चौकी पुलिस तिरगावां/सैदपुर गंगा नदी पुलिया पर रात्रि गश्त और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। उसी समय पुलिस टीम को एक तेज रफ्तार सफेद रंग की बोलेरो पिकअप (UP65QT6389) आती हुई दिखाई दी। पुलिस वालों को सामने देखकर वाहन सवारों ने गाड़ी पीछे मोड़ने की कोशिश की, लेकिन हड़बड़ाहट में गाड़ी बंद हो गई। इसके बाद गाड़ी में सवार तीन लोग उतरकर भागने लगे।

मौके से एक पकड़ाया, दो तस्करों ने पुल से लगाई छलांग

भाग रहे बदमाशों का पीछा करते हुए पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाई और शक्ति कुमार (निवासी सरताला मोकलपुर, थाना तरवां, जनपद आजमगढ़) को मौके पर ही धर दबोचा। वहीं पुलिस से बचने के चक्कर में दो अन्य तस्कर सीधे पुल के नीचे गंगा नदी के सूखे रेते में कूद गए। काफी ऊंचाई से गिरने के कारण दोनों गंभीर रूप से घायल होकर नीचे कराहते मिले। पुलिस ने तुरंत नीचे पहुंचकर दोनों को हिरासत में लिया और इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) चहनियां भिजवाया।

इलाज के दौरान एक की मौत, बलुआ थाने में केस दर्ज

चहनियां अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल चंदौली रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टर ने काजू कुमार (उम्र 24 वर्ष, पुत्र गुदड़ी, निवासी ग्राम उमरीपट्टी, थाना तरवां, आजमगढ़) को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे घायल शिवांशू कुमार (पुत्र देवीलाल, निवासी ग्राम बनगांव, थाना तरवां, आजमगढ़) का इलाज किया गया। इस संबंध में थाना बलुआ में मुकदमा अपराध संख्या 212/26, धारा 3/5ए/5बी/8 गो-निवारण अधिनियम व 11 पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज है।

अब मजिस्ट्रेट जांच से सामने आएगी घटना की पूरी सच्चाई

पुल से कूदकर हुई तस्कर की मौत का मामला तूल पकड़ने के बाद अब प्रशासन हर पहलू की निष्पक्ष जांच कर रहा है। SDM सदर द्वारा जारी सार्वजनिक सूचना के बाद यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि 31 अगस्त तक इस मामले में कौन-कौन से साक्ष्य और गवाह सामने आते हैं, जिससे घटना के वास्तविक तथ्यों का खुलासा हो सके।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*