जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

स्टेट हाईवे पर मिला 30 हजार का मोबाइल तो सिपाही ने घर ढूंढकर लौटाया, SP आकाश पटेल से पाया पुरस्कार

चंदौली में स्टेट हाईवे पर मिला 30 हजार का मोबाइल फोन युवती को सुरक्षित लौटाकर सिपाहियों ने ईमानदारी की मिसाल पेश की है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने इस मानवीय व्यवहार और रिकॉर्ड गुमशुदा मोबाइल बरामद करने वाले 10 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
 

सड़क पर मिला मोबाइल युवती को लौटाया

एसपी आकाश पटेल ने सिपाहियों को किया सम्मानित

चंदौली पुलिस की ईमानदारी की अनोखी मिसाल

CEIR पोर्टल से बरामद हुए 101 गुमशुदा मोबाइल

1.52 करोड़ रुपये के मोबाइल अब तक बरामद


चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत 2 सितंबर 2026 को स्टेट हाईवे से गुजरते समय आरक्षी सत्येंद्र यादव और आरक्षी धीरेंद्र यादव की नजर सड़क पर पड़े एक महंगे स्मार्टफोन पर पड़ी। ग्राम बरहुली (जंसो की मड़ई) की रहने वाली आयुषी राज का यह फोन करीब 30 हजार रुपये कीमत का था, जिसमें कई बेहद जरूरी दस्तावेज और निजी डेटा मौजूद थे। दोनों आरक्षियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए फोन को अपने सुरक्षित कब्जे में लिया।

आईडी से पता ढूंढकर युवती को सुरक्षित सौंपा मोबाइल

स्मार्टफोन में मौजूद पहचान संबंधी विवरण के आधार पर पुलिसकर्मियों ने फोन की वास्तविक स्वामिनी आयुषी राज से संपर्क साधा। इसके बाद पूरे सम्मान के साथ उनका खोया हुआ मोबाइल सुरक्षित सुपुर्द कर दिया गया। अपना कीमती फोन और जरूरी डेटा वापस पाकर युवती के चेहरे पर खुशी लौट आई और उसने चंदौली पुलिस की सजगता व ईमानदारी की दिल से सराहना की।

एसपी आकाश पटेल ने थपथपाई पीठ

जब यह बात चंदौली के पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के संज्ञान में आई, तो उन्होंने सख्त कार्रवाई के साथ-साथ अच्छे काम की सराहना की परंपरा को आगे बढ़ाया। एसपी ने दोनों आरक्षियों सत्येंद्र यादव और धीरेंद्र यादव को कार्यालय बुलाकर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। एसपी ने कहा कि पुलिस का काम सिर्फ कानून बनाना नहीं, बल्कि आम जनता का भरोसा जीतना भी है। दोनों जवानों ने वर्दी की साख और इंसानियत का मान बढ़ाया है।

CEIR पोर्टल के जरिए 101 और मोबाइल हुए बरामद

इसी कड़ी में चंदौली पुलिस और सर्विलांस सेल की टीम ने भारत सरकार के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मदद से एक और बड़ी कामयाबी हासिल की। जिले के विभिन्न थानों की सतर्कता से कुल 101 गुमशुदा मल्टीमीडिया मोबाइल फोन ढूंढ निकाले गए। बरामद किए गए इन मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 31 लाख रुपये बताई गई है।

अपर पुलिस अधीक्षक ने स्वामियों को सौंपे उनके फोन

पुलिस लाइन चंदौली के नवीन सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सदर द्वारा सभी 101 मोबाइलों को उनके असली मालिकों को सौंपा गया। आंकड़े बताते हैं कि वर्ष 2026 में अब तक चंदौली पुलिस कुल 519 खोए हुए मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों तक पहुंचा चुकी है, जिनकी कुल कीमत करीब 1 करोड़ 52 लाख रुपये है।

बेहतरीन काम करने वाले 10 जवानों का बढ़ा हौसला

रिकॉर्ड संख्या में गुमशुदा मोबाइल ढूंढ निकालने और जनता की संपत्ति वापस दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले 10 पुलिसकर्मियों को एसपी आकाश पटेल ने सम्मानित किया। चकिया थाने के विमलेश कुमार मौर्या व सत्येंद्र राम, मुगलसराय के महिपाल, गंगेश त्रिपाठी व राकेश यादव, सर्विलांस के संदीप कुमार, सैयदराजा के बृजेश चौहान व अशोक शर्मा तथा अलीनगर के सत्येंद्र व धीरेंद्र को प्रशस्ति पत्र देकर उनका हौसला बढ़ाया गया।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*