जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

फर्जी खातों और ऑनलाइन फ्रॉड पर कसेगा शिकंजा: चंदौली पुलिस कप्तान ने बैंक कर्मियों को दिए खास सुरक्षा टिप्स

चंदौली में साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी रोकने के लिए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बैंक अधिकारियों और जनसेवा केंद्र संचालकों संग बड़ी बैठक की। संदिग्ध खातों पर नजर रखने से लेकर साइबर हेल्पलाइन तक, जानिए पुलिस कप्तान ने क्या खास हिदायत दी!

 
 

चंदौली में साइबर ठगी रोकने के लिए बैंक अफसरों संग बैठक

Mule Accounts और फर्जी बैंक खातों पर अब रहेगी कड़ी नजर

साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत GRM पोर्टल पर दर्ज होगी शिकायत

जनसेवा केंद्रों के संचालन के लिए कड़े नियम-कानून लागू

चंदौली में लगातार बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी पर लगाम लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने आज पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में जिले के सभी प्रमुख बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। इस दौरान साइबर फ्रॉड रोकने, संदिग्ध लेन-देन पर नजर रखने और पुलिस व बैंकों के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।

chandauli-sp-akash-patel-cyber-crime-prevention-bank-meeting

Mule Accounts और संदिग्ध लेन-देन पर रहेगी पैनी नजर

बैठक में पुलिस कप्तान ने बैंक कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे फर्जी और किराए के खातों (Mule Accounts) की तुरंत पहचान करें। ऐसे खाते जिनका उपयोग साइबर ठगी का पैसा ट्रांसफर करने के लिए किया जाता है, उन पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया। साथ ही, जिन खातों में लंबे समय से लेन-देन बंद था (Dormant Accounts) या जो हाई-रिस्क श्रेणी में आते हैं, उनकी केवाईसी (KYC) अपडेट और सत्यापन की प्रक्रिया को तुरंत पूरा करने की सख्त हिदायत दी गई।

GRM पोर्टल और त्वरित पुलिस रिपोर्टिंग का सिस्टम

एसपी आकाश पटेल ने कहा कि साइबर फ्रॉड के मामलों में अगर किसी पीड़ित का पैसा बचाना है, तो पुलिस और बैंक के बीच तेज सूचना का होना सबसे जरूरी है। इसके लिए हर बैंक शाखा में एक 'साइबर नोडल अधिकारी' तैनात किया जाएगा, जो सीधे साइबर सेल के संपर्क में रहेगा। किसी भी असामान्य या संदिग्ध बैंकिंग गतिविधि की सूचना मिलते ही पुलिस को तुरंत बताया जाएगा। साइबर फ्रॉड के शिकार खाताधारकों की तुरंत शिकायत GRM पोर्टल पर दर्ज कराई जाएगी ताकि पैसे की निकासी रोकी जा सके।

जनसेवा केंद्रों (CSC) के संचालन पर कसेंगे नियम

बैठक के दौरान बैंक सखी और जनसेवा केंद्र (CSC / BC Points) संचालकों के काम-काज की भी समीक्षा की गई। शाखा प्रबंधकों को कड़ा निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित जनसेवा केंद्रों की स्थापना और दैनिक कार्यप्रणाली में सरकारी मानकों और नियमावली का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराएं। सुरक्षा मानकों में लापरवाही बरतने वाले केंद्रों पर कड़ी कार्रवाई होगी।

बैठक में ये वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

साइबर अपराध की रोकथाम और पीड़ितों के पैसे को सुरक्षित रखने के लिए पुलिस, बैंक और जनसेवा केंद्र संचालकों के बीच बेहतर तालमेल पर विशेष जोर दिया गया। इस अहम बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक सदर श्री अनंत चंद्र शेखर, प्रभारी साइबर सेल, जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के पुलिस अधिकारी, प्रमुख बैंकों के प्रबंधक और कई जनसेवा केंद्र संचालक मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*