इसलिए कंदवा थाने पहुंचे SP आकाश पटेल, चौकियों का जायजा लिया, चौकीदारों को दिए टिप्स और मातहतों की लगायी क्लास
चंदौली के पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कंदवा थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। उन्होंने थाना परिसर, मालखाना और रजिस्टरों की जांच की। साथ ही फरियादियों की समस्याओं के जल्द निस्तारण और गश्त बढ़ाने के कड़े निर्देश दिए।
एसपी आकाश पटेल ने किया कंदवा थाने का निरीक्षण
महिला हेल्प डेस्क और मालखाने का लिया जायजा
फरियादियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश
ग्राम चौकीदारों को बांटे गए अंग वस्त्र
पुलिस कार्यप्रणाली में लापरवाही पर सख्त चेतावनी
चंदौली जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और पुलिसिंग को बेहतर बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने थाना कन्दवा का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, हवालात, महिला हेल्प डेस्क, मालखाना, शस्त्रागार और जवानों के बैरक का बारकी से जायजा लिया। एसपी के इस अचानक निरीक्षण से थाना परिसर में हड़कंप का माहौल रहा।

रजिस्टरों की जांच और पेंडिंग केस निपटाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान एसपी आकाश पटेल ने जनसुनवाई, आगंतुक, अपराध, त्यौहार, भूमि विवाद और बीट सूचना रजिस्टर समेत सभी अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी रजिस्टरों को अपडेट रखा जाए। साथ ही थाने में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

सीसीटीएनएस और मालखाने का लिया जायजा
एसपी ने सीसीटीएनएस (CCTNS) कक्ष का निरीक्षण कर ऑनलाइन प्रविष्टियों और डाटा एंट्री को तुरंत अपडेट करने को कहा। उन्होंने थाने में खड़े सीज वाहनों और मालखाने में रखे सामानों के व्यवस्थित रख-रखाव और कोर्ट के आदेशानुसार उनके जल्द निस्तारण के निर्देश दिए। जवानों के रहने के बैरक और मेस में खाने की गुणवत्ता की भी जांच की गई।

रात में गश्त और महिला सुरक्षा पर विशेष जोर
पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी को क्षेत्र में रात्रि गश्त और वाहन चेकिंग अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने का आदेश दिया। वांछित व वारंटी अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया। महिला हेल्प डेस्क को पूरी तरह सक्रिय रखने और महिलाओं से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित व संवेदनशील कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
चौकीदारों को बांटे अंग वस्त्र, दिए जरूरी टिप्स
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना क्षेत्र के ग्राम चौकीदारों के साथ बैठक की और उन्हें अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने चौकीदारों को गांव में होने वाली छोटी से छोटी घटना या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने को कहा। एसपी ने साफ किया कि काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और ढिलाई बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








