आकाश पटेल ने पुलिस लाइन और स्मार्ट कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण, देखा बन रही नयी पुलिस लाइन का हाल
चंदौली एसपी आकाश पटेल ने पुलिस लाइन, स्मार्ट कंट्रोल रूम और भोजापुर में बन रही नई पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। सीसीटीवी निगरानी और निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
एसपी आकाश पटेल ने किया पुलिस लाइन निरीक्षण
स्मार्ट कंट्रोल रूम में CCTV निगरानी का जायजा
भोजापुर नवीन पुलिस लाइन का स्थलीय निरीक्षण
अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश
तकनीक आधारित पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के निर्देश
चंदौली पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने मंगलवार 7 अक्टूबर 2026 को पुलिस लाइन, स्मार्ट कंट्रोल रूम और निर्माणाधीन नवीन पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। उनके साथ अपर पुलिस अधीक्षक सदर विक्रम दहिया, अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन सतीश चंद्र शुक्ला, क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारू द्विवेदी और क्षेत्राधिकारी सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिस लाइन स्थित अलग-अलग कार्यालयों का जायजा लिया। उन्होंने कार्यालयों की कार्य प्रणाली, साफ-सफाई, रिकॉर्ड के रख-रखाव और पुलिसकर्मियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं को देखा। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को काम को व्यवस्थित और प्रभावी तरीके से करने के निर्देश दिए।

स्मार्ट कंट्रोल रूम में देखी CCTV निगरानी
एसपी आकाश पटेल ने स्मार्ट कंट्रोल रूम में जिले के महत्वपूर्ण और संवेदनशील जगहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड देखी। उन्होंने कैमरों की कार्य स्थिति, कवरेज और लाइव मॉनिटरिंग सिस्टम के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने निर्देश दिया कि प्रमुख चौराहों, बाजारों, संवेदनशील स्थलों और अन्य जरूरी जगहों पर सीसीटीवी से लगातार निगरानी की जाए। अगर कोई संदिग्ध गतिविधि, कानून-व्यवस्था से जुड़ी घटना या इमरजेंसी की सूचना मिले तो संबंधित पुलिस टीम को तुरंत बताया जाए और फौरन मौके पर पहुंचा जाए।

तकनीकी खराबी तुरंत दूर करने के निर्देश
एसपी ने कहा कि कैमरों और स्मार्ट कंट्रोल रूम में लगे तकनीकी उपकरणों की नियमित जांच और रख-रखाव किया जाए। अगर कोई तकनीकी खराबी आती है तो उसे तुरंत ठीक कराया जाए। इससे तकनीक आधारित पुलिसिंग और मजबूत होगी और अपराध पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।

भोजापुर में नई पुलिस लाइन का जायजा
इसके बाद एसपी ने भोजापुर में बन रही नई पुलिस लाइन का स्थलीय निरीक्षण किया। वहां उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और पुलिसकर्मियों के लिए बन रही मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण के बारे में जानकारी ली और निर्देश दिया कि निर्माण कार्य तय मानकों और गुणवत्ता के हिसाब से समय पर पूरा किया जाए। पुलिसकर्मियों के आवास, कार्यालय की जरूरतों और अन्य जरूरी सुविधाओं को ध्यान में रखकर काम को प्राथमिकता पर पूरा करने को कहा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







