जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

बच्चों के खातों में आए ₹1200, शिक्षकों को मिलेगा 1 करोड़ तक का एक्सीडेंटल बीमा कवर, मंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने बांटे कार्ड

चंदौली कलेक्ट्रेट में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का लाइव प्रसारण देखा गया। मंत्री रवीन्द्र जायसवाल और डीएम ने 15 शिक्षकों को प्रतीकात्मक कार्ड बांटे। साथ ही डीबीटी के जरिए अभिभावकों के खातों में ₹1200 भेजे गए।

 
 

शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा योजना का तोहफा

चंदौली के 10,327 लाभार्थियों को लाभ

अभिभावकों के खाते में आए ₹1200

1 करोड़ रुपये का एक्सीडेंटल कवर

मंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने बांटे कार्ड

 देश के भावी नागरिकों का निर्माण करने और विकसित भारत के सपने को सच करने में हमारे शिक्षकों का योगदान सबसे बड़ा है। राज्य सरकार शिक्षकों के बेहतर स्वास्थ्य, उनकी सुरक्षा और सामाजिक सम्मान के लिए पूरी ईमानदारी से काम कर रही है। यह बातें उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल ने बुधवार को चन्दौली कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान कहीं।

दरअसल, बुधवार को वाराणसी में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में एक बड़े राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम का सीधा (लाइव) प्रसारण चन्दौली के कलेक्ट्रेट सभागार में देखा और सुना गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में राज्य मंत्री रवीन्द्र जायसवाल, जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग और मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साईं प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

chandauli-teachers-cashless-medical-scheme-ravindra-jaiswal

मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का हुआ आगाज
वाराणसी से शुरू हुई इस योजना के तहत 'मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना' का जोरदार आगाज किया गया। इस योजना के तहत चन्दौली कलेक्ट्रेट में मुख्य अतिथि और जिलाधिकारी ने जिले के 15 शिक्षकों को योजना के प्रतीकात्मक कार्ड सौंपे। कार्ड मिलते ही शिक्षकों के चेहरे पर खुशी साफ देखी जा सकती थी।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इसके तहत शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, विशेष शिक्षकों, केजीबीवी के शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और स्कूलों में खाना बनाने वाले रसोइयों के साथ-साथ उनके आश्रितों को भी हर साल ₹5 लाख तक की मुफ्त कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। इस शानदार योजना से अकेले चन्दौली जिले के लगभग 10,327 लाभार्थियों को सीधा फायदा पहुंचने वाला है।

chandauli-teachers-cashless-medical-scheme-ravindra-jaiswal

डीबीटी से खातों में पहुंचे ₹1200, मंत्री ने की खास अपील
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के स्कूली बच्चों के अभिभावकों के बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के जरिए प्रति छात्र ₹1,200 की राशि सीधे ट्रांसफर की गई। इस पैसों से बच्चे अपनी पसंद के स्कूल यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, स्वेटर, स्कूल बैग और पढ़ाई-लिखाई की जरूरी स्टेशनरी खरीद सकेंगे।

राज्य मंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने सभी माता-पिता से अपील करते हुए कहा कि वे इस पैसे का उपयोग सिर्फ और सिर्फ बच्चों की पढ़ाई से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने के लिए ही करें। उन्होंने कहा कि पैसों का सही इस्तेमाल कर बच्चों को रोज साफ-सुथरी यूनिफॉर्म में स्कूल जरूर भेजें।

chandauli-teachers-cashless-medical-scheme-ravindra-jaiswal

एसबीआई के साथ हुआ समझौता, मिलेगा भारी बीमा कवर
इस कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के बीच हुए एक महत्वपूर्ण समझौते (MoU) का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया। इसके तहत शिक्षा विभाग के करीब 10 लाख शिक्षकों और संविदा कर्मियों को बड़ा सामाजिक सुरक्षा कवच दिया जा रहा है।

योजना के तहत जिन स्थायी शिक्षकों और कर्मचारियों का मासिक वेतन ₹10 हजार से ज्यादा है, उन्हें ₹10 लाख का ग्रुप टर्म लाइफ इंश्योरेंस कवर मिलेगा। इसके अलावा ₹1 करोड़ का पर्सनल एक्सीडेंट कवर, ₹1 करोड़ का परमानेंट डिसएबिलिटी कवर और ₹1.6 करोड़ का एयर एक्सीडेंट कवर दिया जाएगा। किसी अनहोनी की स्थिति में बच्चों की पढ़ाई और बेटियों की शादी के लिए अलग से 'एड्स ऑन कवर' की मदद भी दी जाएगी।

संविदा कर्मियों और रसोइयों के लिए भी बड़ी सुरक्षा
सरकार ने ₹10 हजार से अधिक वेतन पाने वाले संविदा कर्मचारियों का भी पूरा ख्याल रखा है। उन्हें ₹80 लाख तक का पर्सनल एक्सीडेंट इंश्योरेंस कवर, विकलांगता की स्थिति में ₹80 लाख या ₹40 लाख का कवर और एयर एक्सीडेंट की दशा में ₹80 लाख तक का कवर मिलेगा। साथ ही अनहोनी होने पर बच्चों की शिक्षा और बेटी की शादी के लिए भी मदद मिलेगी। वहीं, ₹10 हजार से कम वेतन वाले कर्मचारियों को जीरो बैलेंस अकाउंट, एसबीआई डेबिट कार्ड और ₹2 लाख का एक्सीडेंटल इंश्योरेंस कवर दिया जाएगा।

प्रशासन हर समस्या के समाधान के लिए तैयार: डीएम
चन्दौली के जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने जिले के सभी शिक्षकों को इस नई शुरुआत के लिए बधाई दी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन चन्दौली की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और शिक्षकों की हर छोटी-बड़ी समस्या को तुरंत दूर करने के लिए हमेशा तत्पर रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री जी और जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग की तरफ से लगाए गए विभिन्न स्टालों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां दिखाए गए नए प्रयोगों और नवाचारों की जमकर तारीफ की। इस मौके पर सीडीओ आर जगत साईं, जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह सहित भारी संख्या में प्रधानाध्यापक, शिक्षक, शिक्षामित्र और अनुदेशक उपस्थित रहे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*