जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली में व्यापारियों की जोरदार मांग: मनबढ़ों पर कड़ा एक्शन लें पुलिस, प्रशासन के साथ बैठक में रखी दो-टूक बात

चंदौली पुलिस लाइन में व्यापारियों और पुलिस-प्रशासन की अहम बैठक हुई। व्यापार मंडल ने बाजारों में बढ़ रही मारपीट और दबंगई पर चिंता जताई, जिस पर एएसपी ने कड़ी कार्रवाई का भरोसा देते हुए व्यापारियों से सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की।

 

व्यापारियों की सुरक्षा पर मंथन

पुलिस लाइन में हुई बैठक

मनबढ़ों को जेल भेजने की मांग

बाजारों में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे

एएसपी ने दिया सुरक्षा का भरोसा

चंदौली जिले के व्यापारियों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर गुरुवार, 16 जुलाई 2026 को पुलिस लाइन सभागार में एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अनंत चंद्रशेखर की अध्यक्षता और अपर जिलाधिकारी (एडीएम) रतन वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति में हुई इस बैठक में जिले भर के व्यापारी प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक के शुरुआती दौर में व्यापारियों ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों का माल्यार्पण कर और मिठाई खिलाकर गर्मजोशी से स्वागत किया।

chandauli-traders-safety-meeting-with-police-in-police-lines

मनबढ़ों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
बैठक में व्यापारियों की पैरवी करते हुए व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से जिले के अलग-अलग बाजारों में व्यापारियों और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ मारपीट और डराने-धमकाने की घटनाएं बढ़ी हैं। कुछ मनबढ़ किस्म के लोग कानून अपने हाथ में लेकर खौफ का माहौल बना रहे हैं, जिससे सरकार की छवि भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने मांग की कि ऐसे अपराधियों को चिन्हित कर सीधे जेल भेजा जाए।

सुरक्षा के लिए बाजारों में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने बैठक में आए सभी बाजार अध्यक्षों और पदाधिकारियों से एक खास अपील भी की। उन्होंने कहा कि अपनी और अपने प्रतिष्ठान की सुरक्षा के लिए सभी व्यापारी भाई अपनी-अपनी दुकानों और बाजारों के मुख्य चौराहों पर अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाएं। सीसीटीवी कैमरे लगने से किसी भी अप्रिय घटना या अपराध को अंजाम देने वाले बदमाशों को पकड़ने और उन पर त्वरित कानूनी कार्रवाई करने में पुलिस को काफी आसानी होगी।

एएसपी ने दिया त्वरित कार्रवाई का भरोसा
इस बैठक में विभिन्न बाजारों से आए अध्यक्षों और पदाधिकारियों ने अपनी समस्याओं को बारी-बारी से अधिकारियों के सामने रखा। व्यापारियों की शिकायतों को बेहद ध्यान से सुनने के बाद अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने उन्हें पूर्ण सुरक्षा और सहयोग का भरोसा दिया। एएसपी ने मौके पर मौजूद संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे व्यापारियों से जुड़े मामलों और समस्याओं का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करें और बाजारों में गश्त बढ़ाएं।

बैठक में ये प्रमुख चेहरा रहे उपस्थित
इस महत्वपूर्ण सुरक्षा बैठक में मुख्य रूप से चन्द्रेश्वर जायसवाल, अशोक केशरी, महमूद आलम, प्रदीप कुमार, सतीश जिंदल, नवीन अरोड़ा, सतीश सेठ आका, नरेन्द्र पाल सिंह, अभिमन्यु प्रजापति, राजकुमार पाल, लाल साहब यादव, गणेश बाबा, जब्बार खा, अंकित जायसवाल, चंद्रशेखर सिंह, सुशील शर्मा, सलमान खान, अमन अली, सत्येंद्र तिवारी डिम्पल, अवधेश गुप्ता, विष्णु जायसवाल, मनोज चौहान, अंकित कुमार, भानु यादव, सतीश गुप्ता, हनुमान चौरसिया, मुरारी लाल और ज्ञानप्रकाश सहित भारी संख्या में व्यापारी और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*