जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

यातायात जागरूकता माह: चंदौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 362 वाहनों का चालान, ₹4.27 लाख का जुर्माना

चंदौली पुलिस ने यातायात जागरूकता माह में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर 362 वाहनों का चालान किया और ₹4.27 लाख का जुर्माना वसूला। बिना हेलमेट पर सर्वाधिक कार्रवाई हुई। सड़क दुर्घटनाएं कम करने के लिए 35 वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप और ब्लैक स्पॉट पर चेतावनी बोर्ड लगाए गए।
 
 

चंदौली में यातायात जागरूकता माह पर विशेष चेकिंग अभियान

बिना हेलमेट, सीट बेल्ट और जातिसूचक शब्द वाले वाहनों का चालान

362 वाहनों पर 4 लाख से अधिक का जुर्माना

चंदौली पुलिस द्वारा यातायात जागरूकता माह (नवंबर) के अवसर पर सड़क सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन और पुलिस महानिरीक्षक परिक्षेत्र वाराणसी के आदेशों के क्रम में, पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्णमुरारी शर्मा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक यातायात सत्य प्रकाश यादव और जनपदीय थाना पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से यह अभियान चलाया।

traffic-awareness

अभियान के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीटबेल्ट, तीन सवारी, ब्लैक फ़िल्म लगे वाहन, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने वाले और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 362 वाहनों का चालान किया गया। इस कार्रवाई में कुल ₹4,27,900 का जुर्माना अधिरोपित किया गया। यातायात नियमों के उल्लंघन के मामले में सबसे अधिक कार्रवाई बिना हेलमेट चलाने वाले चालकों पर हुई। इसके अतिरिक्त, 'तीन सवारी' के 37 चालान, 'नो पार्किंग' के 29 चालान, और 'गलत दिशा में वाहन चलाने' के 27 चालान भी काटे गए। पुलिस ने 'ड्राइविंग लाइसेंस न दिखा पाने' पर 12, 'सीट बेल्ट' न लगाने पर 8, और 'बिना वैलिड इनस्योरेंस' के वाहन चलाने पर 7 चालान भी किए। उल्लेखनीय है कि 'जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने वाले' और 'नाबालिग द्वारा वाहन चलाने' के एक-एक मामले में भी कार्रवाई की गई, जबकि 2 वाहनों को सीज किया गया। 'गलत नंबर प्लेट' और 'मोबाइल फोन का प्रयोग' जैसे अन्य उल्लंघनों पर भी चालान किए गए, जो यह स्पष्ट करता है कि चंदौली यातायात पुलिस सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगाम लगाने के लिए प्रतिबद्ध है।

traffic-awareness

सड़क सुरक्षा के लिए विशेष उपाय

यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए पुलिस ने अंधेरे में दृश्यता सुनिश्चित करने हेतु 35 ट्रैक्टर-ट्रालियों और व्यावसायिक वाहनों के आगे-पीछे रिफ्लेक्टर टेप लगाए।

इसके अतिरिक्त, ब्लैक स्पॉट (दुर्घटना संभावित स्थानों) पर विशेष ध्यान दिया गया। इण्डेन पेट्रोल पम्प चन्दासी और राधे ट्रान्सपोर्ट के सामने वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए रिफ्लेक्टर पट्टियां और चेतावनी बोर्ड लगाए गए। इन बोर्डों पर "नो-पार्किंग", "भारी वाहन प्रवेश वर्जित", "गति सीमा का पालन करें", और "धीरे चलें–सुरक्षित चलें" जैसे संदेश अंकित थे।

जागरूकता कार्यक्रम और चौपाल

यातायात प्रभारी सत्य प्रकाश यादव द्वारा राम कृष्ण महिला विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मुगलसराय में चौपाल लगाकर छात्र/छात्राओं को यातायात नियमों के बारे में जागरूक किया गया। यातायात पुलिस द्वारा प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक मार्गों पर लगातार भ्रमणशील रहकर रोड सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए गए। इस दौरान आमजन और वाहन चालकों को नशे की हालत में वाहन न चलाने, ओवरलोडिंग से बचने, मोबाइल फोन का प्रयोग न करने और सीटबेल्ट व हेलमेट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करने के संबंध में जागरूक किया गया।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*