यातायात माह के अंतिम दिन चंदौली पुलिस का सख्त एक्शन, 272 वाहनों का चालान कर ठोंका ₹3 लाख का जुर्माना
प्रभारी निरीक्षक यातायात सत्य प्रकाश यादव के नेतृत्व में यातायात टीम और जनपदीय थाना पुलिस टीम द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर कठोर कार्रवाई की गई।
चंदौली में विशेष वाहन चेकिंग अभियान
272 वाहनों का चालान करके ₹3 लाख का जुर्माना
'बिना हेलमेट' के सबसे ज्यादा मामले
सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने की पहल
चंदौली पुलिस ने ब्लैक स्पॉट पर लगाए चेतावनी बोर्ड
चालकों को किया यातायात नियमों के प्रति जागरूक
चंदौली जिले में 'यातायात जागरुकता माह' के अवसर पर चंदौली पुलिस ने नवंबर माह के अंतिम दिन एक विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्णमुरारी शर्मा के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य न सिर्फ यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराना था, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना भी था।
प्रभारी निरीक्षक यातायात सत्य प्रकाश यादव के नेतृत्व में यातायात टीम और जनपदीय थाना पुलिस टीम द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर कठोर कार्रवाई की गई।
ऐसे किया चालान व लगाया जुर्माना
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले, जैसे बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तीन सवारी और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने वाले कुल 272 वाहनों का चालान किया गया। इस कार्रवाई में कुल 2,99,800 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया।
आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक उल्लंघन बिना हेलमेट के थे, जिसके लिए 184 चालान किए गए। इसके अलावा नो पार्किंग में 28 और तीन सवारी के लिए 18 चालान किए गए। गंभीर उल्लंघनों में गलत दिशा में वाहन चलाना (07), गलत नंबर प्लेट (07), और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग (03) शामिल रहे।
सुरक्षित यातायात के लिए तैयारी
यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के क्रम में पुलिस ने सड़कों पर बुनियादी सुरक्षा उपायों पर भी ध्यान केंद्रित किया। सड़क दुर्घटना संभावित स्थानों (ब्लैक स्पॉट) पर विशेष रूप से रिफ्लेक्टर और चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। वाहन चालकों को सतर्क करने हेतु रिफ्लेक्टर पट्टियां लगाने का कार्य प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त, "नो-पार्किंग", "भारी वाहन प्रवेश वर्जित", "गति सीमा का पालन करें", और "धीरे चलें–सुरक्षित चलें" जैसे महत्वपूर्ण संदेश वाले बोर्ड प्रमुख स्थानों पर लगाए गए हैं।
जागरूकता कार्यक्रम पर जोर
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे इस अभियान के तहत, पुलिस जनपद के प्रमुख चौराहों, तिराहों व सार्वजनिक मार्गों पर लगातार भ्रमणशील रही। यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा जागरुकता कार्यक्रम के तहत आमजन व वाहन चालकों को जागरूक किया।
चालकों को विशेष रूप से नशे की हालत में वाहन न चलाने, ओवरलोडिंग से बचने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने और सीट बेल्ट व हेलमेट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करने के संबंध में जागरूक किया गया। पुलिस ने साफ कर दिया कि सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






