जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

यातायात पुलिस के लिए First Aid प्रशिक्षण शिविर का आयोजन, SACTEM फाउंडेशन के डॉक्टरों ने सिखाए जीवन रक्षा के टिप्स

यातायात निदेशालय के निर्देश पर चंदौली में पुलिसकर्मियों के लिए प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण शिविर आयोजित हुआ। SACTEM फाउंडेशन के डॉ अजीत और डॉ रईस ने CPR, गोल्डन ऑवर और रक्तस्राव रोकने की तकनीक सिखाई। एसपी आकाश पटेल के निर्देशन में कार्यक्रम हुआ।

 
 

चंदौली पुलिसकर्मियों के लिए First Aid और जीवन रक्षा प्रशिक्षण शिविर आयोजित

 SACTEM फाउंडेशन के डॉ अजीत कुमार और डॉ रईस ने दिया प्रशिक्षण

 गोल्डन ऑवर, ABCDE प्रक्रिया और CPR तकनीक के बारे में बताया

एसपी आकाश पटेल के निर्देशन में, CO ट्रैफिक कृष्ण मुरारी शर्मा रहे मौजूद

 दुर्घटना में घायलों को तुरंत मदद देकर जान बचाने का दिलाया संकल्प

चंदौली जिले के पुलिस अधीक्षक  आकाश पटेल के कुशल निर्देशन में तथा क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा व प्रभारी निरीक्षक यातायात सुरेन्द्र यादव की उपस्थिति में आज यातायात निदेशालय उत्तर प्रदेश द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत सी०सी० टीम एवं यातायात पुलिस कर्मियों हेतु एक दिवसीय प्राथमिक उपचार एवं आपातकालीन जीवन रक्षा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान SACTEM FOUNDATION के कुशल चिकित्सक डॉ० अजीत कुमार एवं डॉ० रईस द्वारा दुर्घटना या आपात स्थिति के दौरान घायलों को त्वरित एवं सही चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तृत व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

chandauli-traffic-police-first-aid-training-sactem-doctors-cpr-news

प्रशिक्षण में सिखाए गए 6 महत्वपूर्ण टिप्स

1. घटनास्थल की प्राथमिक कार्यवाही: दुर्घटनास्थल पर पहुँचते ही सर्वप्रथम की जाने वाली सुरक्षात्मक कार्यवाहियों, भीड़ प्रबंधन तथा घायल को सुरक्षित स्थिति में लाने के तरीकों से अवगत कराया गया। पुलिस को बताया गया कि सबसे पहले खुद को और घायल को सुरक्षित करना जरूरी है।

2. गोल्डेन आवर का महत्व: सड़क दुर्घटना के तुरंत बाद के पहले घंटे यानी गोल्डेन ऑवर की संवेदनशीलता तथा इस दौरान त्वरित प्राथमिक उपचार देकर जीवन बचाने के महत्व को समझाया गया। डॉक्टरों ने कहा कि इस एक घंटे में सही मदद मिल जाए तो 80 प्रतिशत जान बचाई जा सकती है।

3. ABCDE प्रक्रिया द्वारा घायल की जाँच: आपातकालीन स्थिति में घायल व्यक्ति का सही आंकलन करने हेतु Airway, Breathing, Circulation, Disability एवं Exposure यानी ABCDE मानक प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। इससे घायल की स्थिति को जल्दी समझा जा सकता है।

chandauli-traffic-police-first-aid-training-sactem-doctors-cpr-news

4. CPR तकनीक: हृदय गति या सांस रुकने की स्थिति में मरीज को पुनर्जीवित करने हेतु सीपीआर देने की सही विधि व सावधानियों का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। पुलिसकर्मियों ने खुद CPR करके देखा।

5. रक्तस्राव पर नियंत्रण: गंभीर चोट या दुर्घटना में अत्यधिक खून बहने की स्थिति में दबाव पट्टी बांधने तथा रक्तस्राव को तत्काल रोकने के प्राथमिक उपायों के बारे में बताया गया।

6. दिल का दौरा व अन्य आपातकालीन स्थितियाँ: हार्ट अटैक, बेहोशी या अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने पर अस्पताल पहुँचने से पूर्व की जाने वाली आवश्यक आपातकालीन प्राथमिक कार्यवाहियों से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पुलिसकर्मियों को यह संकल्प दिलाया गया कि वे ड्यूटी के दौरान किसी भी सड़क दुर्घटना या आपात स्थिति में घायलों को बिना देरी किए तत्काल प्राथमिक उपचार प्रदान कर उनकी अमूल्य जान बचाने का हरसंभव प्रयास करेंगे।

इस अवसर पर SACTEM FOUNDATION के चिकित्सक डॉ० अजीत कुमार, डॉ० रईस, क्षेत्राधिकारी यातायात, प्रभारी निरीक्षक यातायात, सी०सी० टीम तथा यातायात पुलिस के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*