चंदौली में ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर महा-एक्शन; 8 दिनों में 5,882 वाहनों का चालान, लगा ₹93.65 लाख का जुर्माना
चंदौली पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुगम व जाममुक्त बनाने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाकर 8 दिनों में ₹93.65 लाख का जुर्माना लगाया है। नो-पार्किंग में खड़े वाहनों और ट्रकों पर सबसे बड़ी कार्रवाई हुई।
आठ दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान संपन्न
तिरानबे लाख पैंसठ हजार रुपये जुर्माना
नो पार्किंग में सर्वाधिक कार्रवाई हुई
एक हजार से अधिक ट्रक नपे
शराब पीकर वाहन चलाने वाले गिरफ्तार
चंदौली जनपद की यातायात व्यवस्था को पूरी तरह सुदृढ़, सुगम, सुरक्षित और जाममुक्त बनाने के लिए चंदौली पुलिस बेहद सख्त रुख अपनाए हुए है। उच्चाधिकारियों के सीधे निर्देशन में जिलेभर में "विशेष चेकिंग अभियान" निरंतर चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यातायात पुलिस चंदौली द्वारा आलमपुर, चंधासी कोयला मंडी, नेशनल हाईवे एवं जनपद के अन्य सभी प्रमुख व अत्यधिक व्यस्त रहने वाले मार्गों पर अवैध पार्किंग, बिना हेलमेट, ओवरस्पीडिंग और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले चालकों के विरुद्ध व्यापक स्तर पर कठोर विधिक कार्रवाई की गई है।
8 दिनों में 5,882 वाहनों का चालान, ₹93.65 लाख का भारी जुर्माना
यातायात पुलिस टीम ने सड़कों पर अनधिकृत रूप से वाहन खड़े कर आम जनमानस के आवागमन को बाधित करने वाले तथा ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले चालकों को सख्ती से चिन्हित किया। इस विशेष अभियान अवधि के दौरान दिनांक 24.05.2026 से 31.05.2026 तक व्यापक स्तर पर कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए कुल 5,882 वाहनों के विरुद्ध चालान की विधिक कार्रवाई की गई। इसके तहत पुलिस द्वारा कुल 93,65,000 रुपये (तिरानबे लाख पैंसठ हजार रुपये) का भारी-भरकम जुर्माना अधिरोपित किया गया है।
नो-पार्किंग में रिकॉर्ड कार्रवाई, 1,048 ट्रकों पर भी गिरा कानून का डंडा
इस विशेष अभियान के दौरान सबसे बड़ी गाज सड़कों को जाम करने वाले नो-पार्किंग वाहनों पर गिरी है, जिसके अंतर्गत सर्वाधिक 2,330 चालान किए गए और इनसे 23.65 लाख रुपये का अर्थदंड वसूला गया। अकेले चंधासी और हाईवे क्षेत्र में नो-पार्किंग में खड़े कुल 1,048 भारी ट्रकों का चालान कर 20,82,500 रुपये का जुर्माना थोपा गया। इसके अतिरिक्त, खतरनाक ढंग से वाहन चलाने के 98 मामलों, बिना हेलमेट के 1,624 मामलों तथा तीन सवारी बैठाकर चलने वाले 232 चालकों पर कड़ा एक्शन हुआ, जबकि नियमों का घोर उल्लंघन करने वाले 17 वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया।
शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर नजर, चालकों को किया गया जागरूक
सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस टीम ने ब्रेथ एनालाइजर मशीन के माध्यम से चेकिंग करते हुए मदिरा (शराब) का सेवन कर वाहन चलाने वाले 09 चालकों के विरुद्ध भी कड़ी विधिक कार्रवाई अमल में लाई है। इस व्यापक कार्रवाई के साथ-साथ पुलिस टीम द्वारा सभी चालकों को रोककर सड़क सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की नसीहत दी गई। चालकों को मादक पदार्थों का सेवन कर वाहन न चलाने, तय सीमा से अधिक सवारी न बैठाने तथा प्रेशर हॉर्न व मॉडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग कतई न करने हेतु जागरूक व सचेत किया गया।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








