जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली में अनफिट स्कूली वाहनों पर 'सर्जिकल स्ट्राइक': 119 गाड़ियों की फिटनेस फेल, ARTO ने दी सख्त चेतावनी

चंदौली में छात्र सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। 1 से 15 अप्रैल तक चलने वाले विशेष अभियान के तहत 119 अनफिट स्कूली वाहनों को चिन्हित किया गया है। अब 'इंटीग्रेटेड पोर्टल' के जरिए वाहनों और चालकों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी।

 
 

15 दिवसीय विशेष स्कूली वाहन चेकिंग अभियान

119 स्कूली वाहनों की फिटनेस पाई गई फेल

इंटीग्रेटेड स्कूल व्हीकल मॉनिटरिंग पोर्टल लॉन्च

जीपीएस और सीसीटीवी कैमरों की होगी जांच

एआरटीओ डॉ. सर्वेश गौतम की सख्त चेतावनी

उत्तर प्रदेश शासन के कड़े निर्देशों के अनुपालन में जनपद चंदौली में स्कूली बच्चों के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने कमर कस ली है। 1 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक चलने वाले 15 दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान के तहत सड़क पर दौड़ने वाले हर स्कूली वाहन की कुंडली खंगाली जा रही है। एआरटीओ डॉ. सर्वेश गौतम के नेतृत्व में शुरू हुए इस अभियान ने स्कूल प्रबंधकों के बीच हड़कंप मचा दिया है।

119 वाहनों की फिटनेस फेल, थमाए गए नोटिस
परिवहन विभाग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, चंदौली जनपद में कुल 1172 स्कूली वाहन पंजीकृत हैं। इनमें से 1053 वाहनों की फिटनेस तो वैध मिली है, लेकिन 119 वाहन मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं और उनकी फिटनेस अवधि समाप्त हो चुकी है। एआरटीओ ने इन सभी वाहनों को चिन्हित कर संबंधित स्कूल प्रबंधनों को तत्काल नोटिस जारी कर दिया है। स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जब तक इन वाहनों की मरम्मत कराकर फिटनेस प्रमाण पत्र प्राप्त नहीं कर लिया जाता, तब तक ये सड़क पर नहीं उतरेंगे।

पोर्टल पर दर्ज होगी चालकों की 'कुंडली'
इस अभियान की सबसे बड़ी खासियत तकनीक का समावेश है। परिवहन विभाग ने 'इंटीग्रेटेड स्कूल व्हीकल मॉनिटरिंग पोर्टल' की शुरुआत की है। अब सभी स्कूलों के लिए अपने वाहनों के साथ-साथ चालकों का पूरा विवरण इस पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा। इसमें चालक का ड्राइविंग लाइसेंस, अनुभव, पुलिस वेरिफिकेशन और स्वास्थ्य परीक्षण की रिपोर्ट शामिल होगी। यह पोर्टल परिवहन, पुलिस और शिक्षा विभाग के संयुक्त नियंत्रण में रहेगा, जिससे किसी भी स्तर पर होने वाली लापरवाही को तुरंत पकड़ा जा सके।

इन मानकों पर होगी कड़ी परख
चेकिंग के दौरान केवल कागजों की ही नहीं, बल्कि वाहन के भीतर सुरक्षा उपकरणों की भी जांच की जा रही है। इसमें मुख्य रूप से इन बातों पर ध्यान देकर अपडेट करते रहना है.....

  • फिटनेस, परमिट, बीमा और प्रदूषण प्रमाण पत्र (PUC)
  • GPS ट्रैकिंग सिस्टम और CCTV कैमरों की कार्यशीलता
  • वाहनों में फर्स्ट एड बॉक्स और अग्निशमन यंत्र की उपलब्धता
  • चालकों का व्यवहार और उनका पिछला रिकॉर्ड

एआरटीओ की दो टूक चेतावनी
एआरटीओ डॉ. सर्वेश गौतम ने सख्त लहजे में कहा है कि बच्चों की जान जोखिम में डालने वाले किसी भी वाहन स्वामी को बख्शा नहीं जाएगा। निर्धारित समय सीमा के भीतर फिटनेस न कराने वाले वाहनों का पंजीकरण तत्काल प्रभाव से निलंबित या निरस्त कर दिया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों को स्कूल भेजने से पहले वाहन की सुरक्षा और चालक की स्थिति की स्वयं भी जांच करें। इस अभियान में पुलिस और शिक्षा विभाग का भी पूर्ण सहयोग लिया जा रहा है ताकि एक सुरक्षित परिवहन ढांचा तैयार किया जा सके।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*