जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

कड़े पहरे के बीच UPTET परीक्षा शुरू: DM-SP ने केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, सॉल्वर गैंग पर गैंगस्टर की चेतावनी

चंदौली में उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET-2026) कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई। पहले दिन जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया और शुचिता से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

 
 

कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच UPTET परीक्षा शुरू

डीएम और एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

नकल कराने या गड़बड़ी करने वालों पर लगेगा गैंगस्टर एक्ट

पहली और दूसरी पाली में कुल 1211 परीक्षार्थी रहे गैरहाजिर

केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू और फोटोकॉपी दुकानें बंद

उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET-2026) की लिखित परीक्षा गुरुवार (02 जुलाई 2026) से चंदौली जनपद में बेहद कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शुरू हो गई है। यह महत्वपूर्ण परीक्षा आगामी 03 और 04 जुलाई 2026 को भी विभिन्न पालियों में आयोजित की जाएगी। शासन की मंशा के अनुरूप इस परीक्षा को पूरी तरह से पारदर्शी, निष्पक्ष और नकल विहीन संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है।

डीएम और एसपी ने खुद संभाली कमान
परीक्षा के पहले दिन व्यवस्थाओं का जमीनी जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल खुद परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे। दोनों आला अधिकारियों ने संयुक्त रूप से महेन्द्र टेक्निकल इंटर कॉलेज और नगर पालिका इंटर कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों, सीसीटीवी कंट्रोल रूम और सुरक्षा घेरे की बारीकी से जांच की।

गड़बड़ी करने वालों पर लगेगा गैंगस्टर एक्ट
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने केंद्र व्यवस्थापकों और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता और पवित्रता से किसी भी कीमत पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। यदि कोई भी असामाजिक तत्व, नकल माफिया या सॉल्वर गैंग परीक्षा में सक्रिय पाया गया, तो उसके खिलाफ सीधे गैंगस्टर एक्ट के तहत कठोरतम कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

अभेद्य सुरक्षा और लाइव वेबकास्टिंग से निगरानी
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालते हुए बताया कि सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, महिला कांस्टेबल और फ्लाइंग स्क्वाड की टीमें तैनात की गई हैं। परीक्षार्थियों को सघन चेकिंग और बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही केंद्र के भीतर प्रवेश दिया जा रहा है। परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू कर दी गई है और फोटोकॉपी की दुकानों को परीक्षा अवधि तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी (CCTV) कैमरों से लाइव वेबकास्टिंग के जरिए पैनी नजर रखी जा रही है।

पहले दिन कुल 1211 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित
परीक्षा के पहले दिन दोनों पालियों को मिलाकर कुल 1211 परीक्षार्थी अनुपस्थित दर्ज किए गए। आंकड़ों की बात करें तो प्रथम पाली में कुल 5112 पंजीकृत परीक्षार्थियों के सापेक्ष 4485 उपस्थित रहे, जबकि 627 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। वहीं, द्वितीय पाली में भी कुल 5112 पंजीकृत परीक्षार्थियों के सापेक्ष 4528 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 584 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। पहले दिन की परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*