विश्वकर्मा पूजनोत्सव की पूर्व संध्या पर निकली भव्य शोभायात्रा, गूंजे भगवान विश्वकर्मा के जयकारे
चंदौली में विश्वकर्मा पूजनोत्सव की पूर्व संध्या पर मंगलवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। समाज के लोगों ने सैयदराजा से जिला मुख्यालय तक यात्रा निकालकर बच्चों की शिक्षा पर जोर दिया और 17 सितंबर को दीपोत्सव मनाने की अपील की।
सैयदराजा से जिला मुख्यालय तक शोभायात्रा
हाथ में धर्मध्वजा-हथौड़ा लेकर पहुंचे लोग
बच्चों की शिक्षा पर दिया गया जोर
17 सितंबर को दीपोत्सव मनाने की अपील
चंदौली जिले में भगवान विश्वकर्मा पूजनोत्सव की पूर्व संध्या पर मंगलवार को विश्वकर्मा समाज की ओर से एक विशाल और भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा सैयदराजा स्थित प्रसिद्ध विश्वकर्मा मंदिर से शुरू हुई, जिसमें जिले के कोने-कोने से आए समाज के सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया। हाथों में धर्मध्वजा और हथौड़ा थामे श्रद्धालुओं ने पूरे रास्ते भगवान विश्वकर्मा के जोरदार जयकारे लगाए। जब यह शोभायात्रा जिला मुख्यालय पहुंची, तो वहां पहुंचकर यह एक विशाल आम सभा में तब्दील हो गई।

बच्चों की शिक्षा और तरक्की पर विशेष जोर
जिला मुख्यालय पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी श्रीकांत विश्वकर्मा ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा पूरे समाज के मान-सम्मान, स्वाभिमान और गौरव के प्रतीक हैं। उन्होंने समाज के लोगों को एकजुट होने का संदेश दिया। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि हमें अपने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। जब बच्चे शिक्षित होंगे, तभी समाज आगे बढ़ेगा और तरक्की के नए रास्ते खुलेंगे।
17 सितंबर को पूजनोत्सव और दीपोत्सव का आह्वान
श्रीकांत विश्वकर्मा ने सभी से 17 सितंबर को अपने-अपने घरों, दुकानों और कारखानों में पूरे विधि-विधान व धूमधाम से भगवान विश्वकर्मा का पूजनोत्सव मनाने की अपील की। उन्होंने यह भी बताया कि इसी दिन देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है। उन्होंने समाज के लोगों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने घरों में दीपक जलाकर प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उन्हें बधाई दें और इस दिन को दीपोत्सव के रूप में मनाएं।
शिल्पकला से पहचान और विकास की बात
संबोधन में आगे उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा समाज अपनी बेजोड़ शिल्पकला और हुनर के दम पर पूरे देश में एक अलग पहचान रखता है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं से समाज के लोगों का सामाजिक और आर्थिक विकास हो रहा है।
इस भव्य कार्यक्रम और शोभायात्रा के दौरान संतोष विश्वकर्मा, धर्मेंद्र विश्वकर्मा, महेंद्र विश्वकर्मा, सूरज विश्वकर्मा, प्रेमनाथ, पंकज विश्वकर्मा, राहुल विश्वकर्मा, नगीना विश्वकर्मा, राम प्रकाश विश्वकर्मा और दीनानाथ सहित समाज के कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







