2.30 लाख नाम काटे गए, 'नो मैपिंग' वाले मतदाताओं की अब नोटिस भेजकर हो रही सुनवाई
चंदौली की चारों विधानसभाओं में मतदाता सूची को दुरुस्त करने का विशेष अभियान (SIR) जारी है। अब तक 2.30 लाख अपात्र नाम हटाए जा चुके हैं। 'नो मैपिंग' वाले मतदाताओं को नोटिस भेजकर प्रतिदिन सुनवाई की जा रही है ताकि कोई पात्र मतदाता छूट न जाए।
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी
2 लाख 30 हजार नाम हटाए गए
नो मैपिंग मतदाताओं को विशेष नोटिस
अभिलेखों की प्रतिदिन हो रही सुनवाई
चारों विधानसभाओं में प्रक्रिया हुई तेज
चंदौली जिले में लोकतंत्र की बुनियादी ईकाई 'मतदाता सूची' को शुद्ध और त्रुटिहीन बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है। चारों विधानसभा क्षेत्रों में स्थापित मतदेय स्थलों पर दावे और आपत्तियां प्राप्त कर मतदाता सूची को ठीक करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इस अभियान के तहत जिला प्रशासन फर्जी और अपात्र मतदाताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा है।
2.30 लाख मतदाताओं के नाम सूची से बाहर
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान अब तक जिले में करीब 2 लाख 30 हजार मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काटे गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, इन नामों में ऐसे मतदाता शामिल थे जो या तो मृतक हो चुके हैं, या दूसरी जगह शिफ्ट हो गए हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में 'डुप्लीकेट' मतदाताओं के नाम भी हटाए गए हैं। बीते 6 जनवरी को निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन होने के बाद इस प्रक्रिया में और तेजी आई है।
'नो मैपिंग' मतदाताओं पर विशेष नजर
पुनरीक्षण के दौरान लगभग डेढ़ लाख ऐसे मतदाता सामने आए हैं, जिनकी मैपिंग नहीं हो पाई है। इन्हें 'नो मैपिंग' श्रेणी में पंजीकृत किया गया है। सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा ऐसे मतदाताओं को बकायदा नोटिस प्रेषित किए जा रहे हैं। नोटिस के जवाब में प्राप्त होने वाले अभिलेखों और साक्ष्यों की प्रतिदिन सुनवाई की जा रही है, ताकि केवल वास्तविक मतदाता ही सूची में बने रहें।
प्रशासनिक मुस्तैदी और बीएलओ का कार्य
इस पूरे अभियान में बीएलओ (BLO) के साथ-साथ रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। प्रशासन का मुख्य लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम न छूटे और किसी अपात्र का नाम सूची में न रहे। प्रतिदिन होने वाली सुनवाइयों के माध्यम से मतदाता सूची को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








