जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

ASP की मौजूदगी में व्यापारी सुरक्षा बैठक में में गरजे व्यापारी, बाजारों में CCTV और रात्रि गश्त बढ़ाने पर बनी सहमति

चंदौली पुलिस लाइन में आयोजित व्यापारी सुरक्षा बैठक में जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने व्यापारियों के उत्पीड़न और लंबित हत्याकांडों पर कड़ा रोष जताया। भ्रष्टाचार और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हुई इस तीखी चर्चा में प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया है।

 
 

रोहिताश पाल हत्याकांड के दोषियों की गिरफ्तारी की मांग

चकिया फूड इंस्पेक्टर पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप

बाजारों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों पर जोर

कोहरे और ठंड में रात्रि गश्त बढ़ाने की अपील

व्यापारियों की समस्याओं के लिए ज़ीरो टॉलरेंस का दावा

चंदौली जिले के व्यापारियों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के निस्तारण हेतु गुरुवार, 29 जनवरी 2026 को पुलिस लाइन सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अनन्त चंद्रशेखर की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि के नेतृत्व में जिले भर के व्यापारियों ने अपनी आवाज बुलंद की। बैठक में सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति और प्रशासनिक शिथिलता के बीच के अंतर को प्रमुखता से उठाया गया।

Chnadauli samachar Image

रोहिताश पाल हत्याकांड और भ्रष्टाचार पर फूटा गुस्सा
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने कहा कि एक ओर सरकार व्यापारियों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है, वहीं दूसरी ओर जिम्मेदार अधिकारियों की सुस्ती से व्यापारियों में असुरक्षा का भाव पैदा हो रहा है। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि व्यापारी रोहिताश पाल की हत्या हुए कई माह बीत चुके हैं, लेकिन हत्यारे आज भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने चकिया का जिक्र किया, जहां फूड इंस्पेक्टर मनोज कुमार गोंड और कर्मचारी गणपति पाठक पर अवैध वसूली के आरोप लगे हैं। उन्होंने कहा कि ऑडियो वायरल होने के बावजूद केवल जांच की बात कहकर मामले को टाला जा रहा है, जिससे व्यापारियों का विश्वास प्रशासन से डगमगा रहा है।

सीसीटीवी कैमरे और रात्रि गश्त पर विशेष जोर
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिलाध्यक्ष ने सभी बाजार अध्यक्षों और पदाधिकारियों से अपने-अपने प्रतिष्ठानों के बाहर अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि तकनीकी निगरानी से अपराधों पर लगाम लगाई जा सकती है। साथ ही, उन्होंने प्रशासन से मांग की कि वर्तमान में ठंड और घने कोहरे को देखते हुए सभी छोटे-बड़े बाजारों और कस्बों में रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाया जाए ताकि चोरी की घटनाओं को रोका जा सके।

एएसपी का आश्वासन और नई टीम का स्वागत
व्यापारियों की शिकायतों को धैर्यपूर्वक सुनने के बाद अपर पुलिस अधीक्षक अनन्त चंद्रशेखर ने सुरक्षा का पूर्ण भरोसा दिलाया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और पुलिस गश्त को और सुदृढ़ किया जाएगा।

कार्यक्रम के समापन पर चकिया में गठित व्यापार मंडल की नई कमेटी के पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर चंद्रेश्वर जायसवाल, अशोक केशरी, राकेश मोदनवाल, महमूद आलम, कुन्दन चौहान, सतीश सेठ, राजीव अग्रहरि समेत भारी संख्या में व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*