जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली में आंधी-बारिश का डबल अटैक, शहाबगंज और चकिया समेत 150 गांवों की बत्ती गुल; खड़ी फसलों को भारी नुकसान

चंदौली में भीषण गर्मी के बाद अचानक आए आंधी-तूफान और बारिश से जहां लोगों को उमस से राहत मिली है, वहीं 150 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है और फसलों को नुकसान पहुंचा है।

 
 

डेढ़ सौ गांवों की आपूर्ति ठप

भीषण गर्मी के बाद बदला मौसम

खड़ी सब्जियों और फलों को नुकसान

सोनभद्र मेन लाइन में तकनीकी फाल्ट

मरम्मत कार्य में जुटी बिजली विभाग

चंदौली जनपद में मौसम का उतार-चढ़ाव लगातार जारी है। मंगलवार की सुबह से लेकर दोपहर तक जहां तेज धूप और भीषण उमस के कारण लोग पूरी तरह बेहाल नजर आ रहे थे, वहीं दोपहर बाद अचानक मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। जिले के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में तेज पछुआ हवा के साथ हुई झमाझम बारिश से पूरा मौसम सुहाना हो गया। इस अचानक हुए बदलाव से नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को पिछले कई दिनों से पड़ रही चिलचिलाती गर्मी और गर्म हवा के थपेड़ों से बड़ी राहत मिली है।

आंधी के चलते शाहबगंज और चकिया सहित 150 गांवों की बत्ती गुल
मौसम बदलने के साथ ही जिले में बिजली का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। मंगलवार दोपहर बाद लगभग साढ़े तीन बजे आए तेज आंधी-तूफान के चलते नौगढ़, चकिया, शहाबगंज, बबुरी और इलिया क्षेत्र के करीब डेढ़ सौ (150) गांवों की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। तेज हवाओं के कारण नौगढ़ तहसील को सोनभद्र से जोड़ने वाली मेन सप्लाई लाइन में तकनीकी फाल्ट आ गया, जिससे इलाके के करीब सवा सौ गांव सीधे प्रभावित हुए हैं। वहीं, शाहबगंज क्षेत्र में भी बारिश के दौरान बिजली पूरी तरह ठप हो गई।

फसलों को पहुंचा नुकसान, विद्युत विभाग मरम्मत कार्य में जुटा
बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि तेज हवा और बारिश के कारण कई स्थानों पर तकनीकी खामियां आई हैं, जिसे दुरुस्त करने के लिए विभागीय टीमें लगातार मरम्मत कार्य में जुटी हुई हैं। विभाग ने दावा किया है कि देर रात तक प्रभावित क्षेत्रों की बिजली बहाल कर दी जाएगी। दूसरी तरफ, दक्षिण दिशा से आई इस तेज आंधी और गरज-चमक के कारण कई स्थानों पर पेड़ों की डालियां टूटकर गिर गईं। खेतों में खड़ी किसानों की हरी सब्जियों के साथ-साथ आम के फलों को भी तेज हवा से भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।

 मौसम विभाग ने दी हल्की बारिश की संभावना
इस अचानक हुई आंधी-बारिश को लेकर स्थानीय किसानों ने मिश्रित प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कुछ किसानों का मानना है कि मौसम में नमी बढ़ने और इस बारिश से खेतों की सूखी मिट्टी को सीधा लाभ मिलेगा। शाम होते-होते घरों से बाहर निकलकर बच्चे, युवा, राहगीर और दुकानदार सुहावने मौसम का आनंद लेते दिखाई दिए। मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा अनुमान के मुताबिक, जिले में अगले कुछ दिनों तक मौसम में इसी तरह का उतार-चढ़ाव बना रहेगा और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*