जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

चिरईगांव अस्पताल पहुंचे पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू, CMO को फोन कर दी 15 दिन की चेतावनी

चंदौली के अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिरईगांव में पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के निरीक्षण के दौरान भारी अव्यवस्थाएं मिलीं। डॉक्टर देरी से पहुंचे, पंखा-समरसेबल गायब मिले और दवाएं नदारद थीं।

 

चिरईगांव अस्पताल में मनोज सिंह डब्लू का निरीक्षण

अस्पताल से पंखा और समरसेबल गायब

डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मचारी रहते हैं नदारद

पूर्व विधायक ने सीएमओ से की बात

15 दिन में सुधार न होने पर आंदोलन

 चंदौली जिले के अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिरईगांव से स्वास्थ्य महकमे की बड़ी लापरवाही सामने आई है। गुरुवार को पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने अचानक अस्पताल परिसर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाएं पूरी तरह से बदहाल पाई गईं, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

गांव के लोगों ने पूर्व विधायक को बताया कि अस्पताल में न तो समय पर दवाइयां मिलती हैं और न ही डॉक्टर मिलते हैं। इसके चलते मजबूरी में उन्हें अपना इलाज कराने के लिए दूसरे निजी अस्पतालों या दूर-दराज के चक्कर काटने पड़ते हैं। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में तैनात डॉक्टर सुबह 9:06 बजे पहुंचे।

chiraigaon-phc-inspection-manoj-singh-w-cmo-alert

पंखे और समरसेबल चोरी, अस्पताल में बढ़ा विषैले जंतुओं का खौफ
पूर्व विधायक ने मौके पर मौजूद चिकित्सक से अस्पताल की बदहाल सुविधाओं और अव्यवस्था को लेकर सवाल-जवाब किए, लेकिन डॉक्टर किसी भी बात का संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। हद तो तब हो गई जब यह बात सामने आई कि अस्पताल में लगे पंखे और पानी के लिए लगा समरसेबल पंप तक चोरी हो चुके हैं।

अस्पताल परिसर की बाउंड्री वॉल पूरी तरह क्षतिग्रस्त है, जिससे रात में अराजक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। इसके अलावा परिसर में बड़ी-बड़ी घास-फूस उग आई है, जिससे विषैले जीव-जंतुओं और सांप-बिच्छू का डर हमेशा बना रहता है।

chiraigaon-phc-inspection-manoj-singh-w-cmo-alert

रात में निजी अस्पतालों के शरण में जाने को मजबूर मरीज
ग्रामीणों की शिकायत है कि डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मचारी रात के समय अस्पताल में रुकते ही नहीं हैं। जबकि सरकार ने करोड़ों रुपये की लागत से डॉक्टर और कर्मचारियों के रहने के लिए सर्वसुविधायुक्त आवास बनवाए हैं। रात में आपातकालीन स्थिति आने पर मरीजों को मजबूरी में महंगे निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता है।

इन सभी जमीनी समस्याओं और अव्यवस्थाओं को देखकर पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने तुरंत मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से फोन पर सीधी बातचीत की। उन्होंने सीएमओ को अस्पताल के सारे बदहाल हालात से रूबरू कराया और जल्द से जल्द स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को पटरी पर लाने की मांग की।

chiraigaon-phc-inspection-manoj-singh-w-cmo-alert

सीएमओ ने दिया 15 दिनों का भरोसा
पूर्व विधायक ने सीएमओ से साफ कहा कि अस्पताल में डॉक्टरों और कर्मचारियों की रात में मौजूदगी सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। फोन पर हुई बातचीत के दौरान सीएमओ ने 15 दिनों के भीतर अस्पताल की सभी समस्याओं और कमियों को दूर करने का आश्वासन दिया है।

हालांकि, पूर्व विधायक ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि दिए गए 15 दिनों के भीतर व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो वे ग्रामीणों के साथ मिलकर अस्पताल परिसर में बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*