जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

व्यापारी नेता लक्ष्मीकांत अग्रहरि के मुरीद हुए CM योगी, प्रशंसा पत्र भेजकर की कार्यों की सराहना, व्यापारियों में खुशी की लहर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चंदौली के व्यापारी नेता लक्ष्मीकांत अग्रहरि के कार्यों की सराहना करते हुए प्रशंसा पत्र भेजा है। इस सम्मान के बाद जिले के व्यापारियों में भारी उत्साह है।
 

सीएम योगी ने भेजा व्यापारी नेता को प्रशंसा पत्र

व्यापारी हितों और सामाजिक कार्यों की जमकर की तारीफ

मुख्यमंत्री सचिवालय के सचिव ने सौंपा सराहना पत्र

लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने सभी व्यापारियों को समर्पित किया सम्मान

डबल इंजन सरकार में भयमुक्त होकर कारोबार कर रहे व्यापारी

चंदौली जिले में व्यापारी हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार सक्रिय रहने वाले उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि के कार्यों की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जमकर सराहना की है। मुख्यमंत्री ने उन्हें एक विशेष प्रशंसा पत्र भेजकर उनके सामाजिक और व्यापारी हितों से जुड़े प्रयासों की प्रशंसा की है। इसके साथ ही उन्होंने जिलाध्यक्ष के स्वस्थ और सुखद जीवन की कामना भी की है। मुख्यमंत्री की ओर से यह सम्मान मिलने के बाद से ही पूरे जिले के व्यापारी समाज में खुशी की लहर दौड़ गई है।

सचिवालय के सचिव ने सौंपा मुख्यमंत्री का पत्र
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री सचिवालय के सचिव ने बीते दिनों जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह प्रशंसा पत्र सौंपा। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापारी समाज देश और प्रदेश के विकास में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यापारियों के हितों की रक्षा करना डबल इंजन सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। सीएम योगी ने लक्ष्मीकांत अग्रहरि से अपेक्षा जताई कि वे भविष्य में भी इसी तरह व्यापारी हितों की रक्षा करते हुए उत्तर प्रदेश के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान देते रहेंगे।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने चंदौली के व्यापारी नेता लक्ष्मीकांत अग्रहरि को भेजा प्रशंसा पत्र, कार्यों की की सराहना

स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने पत्र में न केवल जिलाध्यक्ष के संगठनात्मक और सामाजिक कार्यों को सराहा, बल्कि उनके व्यक्तिगत जीवन के लिए भी शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने लक्ष्मीकांत अग्रहरि के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और उनके परिवार की खुशहाली की कामना की। प्रदेश के मुखिया की ओर से सीधे तौर पर मिले इस प्रोत्साहन को व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और स्थानीय कारोबारियों ने पूरे जिले के लिए गर्व का विषय बताया है।


जिले के सभी व्यापारियों को समर्पित किया सम्मान
मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसान, मजदूर, व्यापारी और महिलाओं सहित समाज के हर वर्ग के हितों के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में व्यापारी समाज पूरी तरह भयमुक्त वातावरण में अपना कारोबार कर रहा है। अग्रहरि ने भावुक होते हुए कहा कि वे केवल व्यापारियों के सेवक हैं और मुख्यमंत्री से मिला यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि चंदौली के समस्त व्यापारियों का है। उन्होंने यह सम्मान जिले के सभी व्यापारियों को समर्पित करते हुए भरोसा दिलाया कि वे आगे भी व्यापारियों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के लिए पूरी निष्ठा से काम करते रहेंगे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*