जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली के युवाओं को बिना ब्याज और बिना गारंटी मिलेगा ₹5 लाख तक का लोन, जानें ब्लॉकवार ऋण शिविर का पूरा शेड्यूल

चंदौली के युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन 18 मई से सभी विकास खंडों में विशेष ऋण शिविर आयोजित करने जा रहा है। योजना के तहत कक्षा 8 पास युवाओं को बिना ब्याज और बिना गारंटी 5 लाख रुपये तक का लोन मिलेगा।

 
 

बिना ब्याज मिलेगा 5 लाख लोन

18 मई से लगेंगे विशेष कैंप

न्यूनतम योग्यता कक्षा 8 पास जरूरी

10 प्रतिशत मार्जिन अनुदान का प्रावधान

सभी 9 विकास खंडों में शेड्यूल जारी

उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना 'मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान' के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के लिए चंदौली जनपद में एक बड़ी मुहिम शुरू होने जा रही है। जिले के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्थानीय स्तर पर नए उद्योग स्थापित करने के लिए सभी विकास खंडों (ब्लॉकों) में विशेष ऋण शिविर (लोन कैंप) आयोजित किए जाएंगे।

उपायुक्त उद्योग अधिकारी उदय प्रकाश पासवान ने बताया कि मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) आर. जगत साई द्वारा इस संबंध में सभी ब्लॉकों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। शासन स्तर पर इस योजना की नियमित समीक्षा की जा रही है, जिसके तहत बैंकों में अधिक से अधिक आवेदन भेजने के उद्देश्य से विकास खंड स्तर पर दोपहर 12:00 बजे से 2:00 बजे तक विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में युवाओं से मौके पर ही आवेदन पत्र भरवाए जाएंगे और उन्हें योजना की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

cm-yuva-udyami-loan-camp-schedule-msme-updates

योजना की पात्रता और आवश्यक दस्तावेज
इस योजना का लाभ उठाने के लिए आवेदक की आयु 21 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए और न्यूनतम शैक्षिक योग्यता कक्षा 8 पास निर्धारित की गई है। योजना के तहत लाभार्थियों को ₹5.00 लाख तक का ऋण बिना किसी ब्याज और बिना किसी गारंटी के बैंक के माध्यम से उपलब्ध कराया जा रहा है। इसमें सरकार की ओर से 10 प्रतिशत मार्जिन अनुदान (सब्सिडी) देने का भी विशेष प्रावधान है। लाभ लेने के इच्छुक युवा तय तिथियों पर कैंप में अपने साथ पहचान पत्र, पैन कार्ड, शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और व्यवसाय का कोटेशन लेकर अवश्य पहुंचें।

विकास खंडवार कैंपों का पूरा शेड्यूल
जनपद के विभिन्न ब्लॉकों में ऋण शिविरों का आयोजन निम्नलिखित तिथियों को किया जाएगा:

18 मई 2026: सदर चंदौली

20 मई 2026: सकलडीहा

22 मई 2026: चहनियां

25 मई 2026: धानापुर

29 मई 2026: बरहनी

02 जून 2026: नियामताबाद

04 जून 2026: शहाबगंज

08 जून 2026: चकिया

10 जून 2026: नौगढ़

अन्य सरकारी योजनाओं की भी मिलेगी जानकारी
मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई ने जिला उद्योग कार्यालय के कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे ग्राम प्रधानों, पंचायत सचिवों, रोजगार सेवकों और पंचायत सहायकों के माध्यम से गांवों में इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करें ताकि कैंप में अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।

इन शिविरों में उद्योग विभाग के अधिकारियों द्वारा विभाग की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे— मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, कौशल उन्नयन व टूलकिट योजना और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के बारे में भी विस्तार से बताया जाएगा। इच्छुक लाभार्थी आधिकारिक वेबसाइट www.msme.up.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*