जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली जिले में 1 अप्रैल 4.50 लाख परिवारों में चिह्नित होंगे रोगी, एक अप्रैल से संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत

चंदौली जिले में मलेरिया, डेंगू जैसी घातक बीमारी से बचाव के लिए एक माह तक संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान चलाया जाएगा। इसकी शुरुआत एक अप्रैल को कलेक्ट्रेट में होगी।
 

  संचारी रोग नियंत्रण अभियान की तैयारी में जुटा विभाग

आशा उनका विवरण अपलोड कर अस्पताल में कराएंगी इलाज

जनपद में संक्रमित एरिया की भी कराई जाएगी पहचान

चंदौली जिले में मलेरिया, डेंगू जैसी घातक बीमारी से बचाव के लिए एक माह तक संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान चलाया जाएगा। इसकी शुरुआत एक अप्रैल को कलेक्ट्रेट में होगी। जनपद की 734 ग्राम पंचायतों के 4.50 लाख परिवारों में बुखार, जुकाम, खांसी, टीबी, कुपोषण इत्यादि से ग्रसित व्यक्ति चिह्नित किए जाएंगे। आशा आभा आइडी पर उनका विवरण अपलोड करेंगी और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में उपचार भी कराएंगी। पहले पखवारा में संचारी रोग नियंत्रण व दूसरे में दस्तक अभियान चलाकर इन रोगों को नियंत्रित किया जाएगा। 


जिले के नौ विकास खंडों में संक्रमित एरिया (क्षेत्रों) की पहचान भी की जाएगी। सीएचसी व पीएचसी पर मलेरिया की रोकथाम से संबंधित सामान भेजे जा रहे हैं, ताकि मलेरिया के संभावित रोगियों की जांच हो सके। 1900 स्वास्थ्य कर्मियों की टीमें गांवों में दस्तक देकर 15 दिनों तक वेक्टर घनत्व की जांच व संक्रमित रोगी की पहचान करेंगी। इसके बाद संचारी रोग उन्मूलन के लिए दस्तक अभियान 16 से शुरू होगा। यह कार्यक्रम 30 अप्रैल तक चलेगा। 


दरअसल, संक्रमित क्षेत्रों में सबसे अधिक मरीज मिलते हैं। यहां के प्रत्येक मरीज व संभावित व्यक्ति को चिह्नित कर ब्लड संग्रहित किया जाता है। प्रयोगशाला में परीक्षण के बाद रिपोर्ट पाजीटिव होने पर अस्पताल से उपचार शुरू करा दिया जाएगा। इसके लिए इस बार सबसे पहले टीमों को सक्रिय कर दिया गया है।


मच्छरों के लार्वा की होगी जांच 


पूरी प्रक्रिया में मलेरिया विभाग सबसे पहले वेक्टर घनत्व का आकलन करेगा। इसमें हाउस इंडेक्स, ब्रेटयू इंडेक्स कंटेनर इंडेक्स आदि शामिल है। इसके वेक्टर घनत्व की जांच में सही मायने मच्छरों के लार्वा की वर्ग की जांच की जाएगी। देखा जाएगा कि किस क्षेत्र में मच्छरों के लार्वा की मात्रा अधिक है। सहायक मलेरिया अधिकारी राजीव सिंह ने बताया कि 22 मार्च को कलेक्ट्रेट में बैठक हुई। यहां से मिले दिशा-निर्देशों के अनुसार अभियान के लिए कार्ययोजना तैयार कराई जाएगी। 


इन विभागों को भी मिली जिम्मेदारी 


स्वास्थ्य विभाग के अलावा 11 अन्य विभागों को इस अभियान को सफल बनाने की जिम्मेदारी दी गई है। सीडीओ आर जगत साई ने बैठक में उद्यान, पंचायती राज, बेसिक व माध्यमिक शिक्षा, बाल विकास, पशुपालन, कृषि, दिव्यांगजन, खाद्य सुरक्षा व सूचना विभाग के अफसरों को समन्वय बनाकर अभियान में सहयोग करने का निर्देश दिया है। 


इस सम्बंध में मुख्य चिकित्साधिकारी डा. वाईके राय ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान की शुरुआत एक अप्रैल से होगी। सभी आवश्यक दवाइयां अस्पताल में उपलब्ध कराई जाएंगी। संचारी रोगों की रोकथाम के लिए सभी की सहभागिता जरूरी है, तभी कार्यक्रम सफल हो सकेगा।

                                                                                                                                                                       

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*