किसान कांग्रेस के नेताओं ने युद्ध में शहीद हुए सैनिकों एवं आम नागरिकों को दी श्रद्धांजलि, कैंडल जलाकर किया याद

कांग्रेसी नेताओं ने सैनिकों के बलिदान को किया याद
बोले- देश के किसान अपने वीर जवानों के साथ
सभी को भारतीय सेना पर है गर्व
दुनिया ने भारत की ताकत देखी
चंदौली जिला मुख्यालय स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी उद्यान में किसान कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में जिले के वरिष्ठ कांग्रेसजनों सहित पदाधिकारियों ने उपस्थित होकर महान स्वतंत्रता सेनानी, पूर्व केंद्रीय मंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, लेखक तथा वर्तमान चन्दौली को धान का कटोरा बनाने वाले जिले के शिल्पकार राजनेता पंडित कमलापति त्रिपाठी जी की मूर्ति के पास एकत्र होकर युद्ध मे शहीद हुए भारतीय जांबाज़ सैनिकों की याद में मोमबत्तियां जलायीं और पुष्पांजलि अर्पित कर उनको याद करके श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर जिले के किसान कांग्रेस के अध्यक्ष प्रदीप मिश्रा ने हाल में भारत - पाक युद्ध मे अपनी जान गंवाने वाले जांबाज़ सैनिकों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि दुश्मन देश पाकिस्तान ने जब भी भारत की सीमा के अंदर आतंकवाद को बढ़ावा दिया भारत की तीनों सेनाओं के शूरवीर सैनिकों ने अपने जान की परवाह किये बिना आतंकवाद को जड़ से समाप्त करने का काम किया है। सीमा हमारी सुरक्षित है, तभी हम अपने घरों में चैन की नींद सो पाते हैं। युद्ध की त्रासदी भारत ने देखी है और संकट के समय मे प्रत्येक भारतवासी अपने सैनिकों के साथ तन-मन-धन से हरदम खड़ा रहा है। भारतीय किसानों ने तो 'जय जवान - जय किसान' के नारे को सार्थक किया है।

जिला कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता शशि नाथ उपाध्याय ने कहा कि समूची दुनिया ने भारत की सैन्य शक्ति को देखा और आकाशीय युद्ध के पराक्रम को सराहा है। वर्तमान सैन्य क्षमता ऐसी है कि युद्ध की स्थिति में दुश्मन देश के घर मे घुस कर मारने और सकुशल वतन लौट आने की कूबत हमारी सेना रखती है। लड़ाई अगर और खिंचती तो पाकिस्तान के फिर से टुकड़े होते और कई टुकड़े होते। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी जी को याद करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता शशिनाथ उपाध्याय ने कहा कि "इस समय इंदिरा जी को यह देश बड़ी शिद्दत से याद कर रहा है , जिन्होंने पाकिस्तान के दो टुकड़े किये थे ।
वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री मधु राय ने कहा कि यह युद्ध विराम युद्ध का हिस्सा है, अभी युद्ध समाप्त नही हुआ है। हमें अपने भारतीय सैनिकों पर गर्व है। हम अपने सैनिकों के बलिदान को व्यर्थ नहीं जाने देंगे। शहीद हुए सैनिकों के परिवारो के साथ पूरी कांग्रेस पार्टी , नेता प्रतिपक्ष माननीय राहुल गांधी जी और हम किसान, नौजवान साथ खड़े है।
शहीद हुए सैनिकों को दीपांजलि अर्पित करने के इस अवसर पर सर्व श्री गंगा प्रसाद, श्रीकांत पाठक, सतीश बिंद, विनोद सिंह, असगर अली, नरेंद्र तिवारी सहित अन्य कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे।
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*