जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

'अडानी को बचाने में देश बर्बाद कर रही सरकार'- चंदौली में पुतला दहन के लिए सड़क पर उतरी कांग्रेस, भड़के कांग्रेस देवेंद्र सिंह मुन्ना

बढ़ती महंगाई और पेट्रोलियम पदार्थों के दामों में बेतहाशा वृद्धि के खिलाफ चंदौली और मुगलसराय कांग्रेस ने संयुक्त रूप से विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए पुतला दहन किया।

 
 

कांग्रेस ने फूंका सरकार का पुतला

पेट्रोलियम पदार्थों के दाम में वृद्धि

अडानी और अमेरिकी दबाव पर घेरा

नीट परीक्षा लीक मामले पर हमला

 देश में लगातार बढ़ती महंगाई और पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में हो रही बेतहाशा वृद्धि को लेकर कांग्रेस पार्टी अब सड़कों पर उतर आई है। आज दिनांक 18 मई को जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली और शहर कांग्रेस कमेटी मुगलसराय के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विरोध स्वरूप सरकार का पुतला दहन किया।

congress-protest-against-inflation-and-petrol-price-hike

अमेरिकी दबाव और अडानी मुद्दे पर घेरा
इस अवसर पर उपस्थित उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना ने कार्यकर्ताओं और आम जनता को संबोधित किया। उन्होंने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण आज देश बर्बादी की कगार पर है। एप्स्टीन फाइल और अमेरिका में अडानी पर चल रहे मुकदमों के कारण मौजूदा सरकार ट्रम्प प्रशासन के आगे घुटने टेक चुकी है। अमेरिकी दबाव के चलते ही सरकार रूस से सस्ता तेल नहीं खरीद रही है, जिसके कारण घरेलू बाजार में पेट्रोलियम पदार्थों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। अमेरिकी दबाव में देश को किसान और युवा विरोधी ट्रेड डील भी करनी पड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि अडानी को बचाने के चक्कर में पूरी आम जनता को महंगाई की आग में झोंक दिया गया है। अब युवाओं और छात्रों को आगे आकर इस अयोग्य सरकार को उखाड़ फेंकना चाहिए।

सीएनजी, सिलेंडर के दाम और नीट परीक्षा पर हमला
जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार ने पेट्रोल-डीजल के साथ-साथ अब सीएनजी के दामों में भी भारी बढ़ोतरी कर दी है। इससे पहले व्यावसायिक गैस सिलेंडर और 5 किलो वाले रसोई गैस सिलेंडर की कीमतें बढ़ाई गई थीं। एक तरफ जहां इस मूल्य वृद्धि के कारण रोजमर्रा के जीवन में प्रयोग होने वाली सभी आवश्यक वस्तुएं महंगी हो गई हैं और आम जनता त्रस्त है, वहीं दूसरी तरफ बार-बार नीट (NEET) की परीक्षा लीक होने के कारण देश का तपस्वी छात्र आत्महत्या करने को मजबूर हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह सरकार अब पूरी तरह से जनता का विश्वास खो चुकी है और इसे सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।


इस विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम में मुख्य रूप से बृजेश गुप्ता, मधु राय, रामानंद यादव, रजनी कांत पांडेय, गंगा प्रसाद, राममूरत गुप्ता, गुलाब राम, कुलदीप वर्मा, अरविंद पाण्डेय, माधवेंद्र मूर्ति ओझा, बदरूद्वजा अंसारी, अमलेंदु पाण्डेय, मदनलाल लाल, प्रेमचंद गुप्ता, श्री कांत पाठक, शमशाद अहमद, राकेश सिंह, नियाज़ अहमद, रामौतार यादव, बाबा गोंड, सतेंद्र उपाध्याय, अतुल दुबे, इंद्रजीत मिश्रा, पवन पासवान, शैलेश यादव, प्रकाश शर्मा, शमशेर खान, रमेश पाण्डेय, संतोष चौबे, ज्ञान प्रकाश तिवारी और उग्रसेन ओमसागर सहित सैकड़ों कांग्रेस जन उपस्थित रहे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*