चंदौली युवा उत्सव 2026: ग्रामीण कलाकारों ने बिखेरा हुनर, जानें किस प्रतियोगिता में कौन बना विजेता
चंदौली के कृषि विज्ञान केंद्र बिछियां में एक दिवसीय जनपद स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन हुआ। लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक और चित्रकला में युवाओं ने शानदार हुनर दिखाया।
चंदौली में जनपद स्तरीय युवा उत्सव
लोकनृत्य और लोकगीत का शानदार मंचन
चित्रकला और कविता लेखन में प्रतियोगिता
विजेता व उपविजेता कलाकार हुए सम्मानित
ग्रामीण प्रतिभाओं को मिला बड़ा मंच
चंदौली जिले में साल 2026-27 के तहत युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के तत्वावधान में गुरुवार को कृषि विज्ञान केंद्र बिछियां के हॉल में एक दिवसीय जनपद स्तरीय युवा उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण युवाओं में पारंपरिक लोक संस्कृति के प्रति रुचि जगाना और उन्हें मंच प्रदान करना था। प्रतियोगिता में जिले के सभी विकास खंडों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, सरकारी व निजी संस्थानों के निपुण कलाकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ उत्सव का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ सदर ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी शशिकांत पांडेय ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर किया। जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने मुख्य अतिथि का स्वागत स्मृति चिन्ह और अंग वस्त्र भेंट कर किया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि कला ही जीवन को सुदृढ़ और सुगम बनाती है। कलाकार अनुभूतियों से भरा होता है, बस उसकी प्रतिभा को निखारने की जरूरत होती है।

प्रदर्शनी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गुंजायमान हुआ हॉल
उत्सव के दौरान किशोरी सशक्तिकरण और महिलाओं के हुनर को दर्शाने वाली प्रदर्शनी लगाई गई, जिसकी अतिथियों ने जमकर सराहना की। इस दौरान लोकनृत्य (समूह), लोकगीत (समूह), नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन और पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रभारी युवा उत्सव श्वेतांक मिश्रा (क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी) और मंच संचालन नौगढ़ के क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी सुनील कुमार द्वारा किया गया।
विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता व उपविजेताओं की सूची
प्रतियोगिता में निष्पक्ष निर्णय के लिए डॉ. प्रमोद कुमार पांडेय (प्रोफेसर, हिंदी विभाग) और डॉ. अनिल तिवारी (प्रोफेसर, राजनीति शास्त्र, सकलडीहा पीजी कॉलेज) ने निर्णायक की भूमिका निभाई। परिणाम इस प्रकार रहे:
लोकनृत्य: प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल कैली (ब्लॉक चहनियां) प्रथम और ब्लॉक नियामताबाद द्वितीय रहा।
लोकगीत: ब्लॉक चहनियां द्वितीय स्थान पर रहा।
चित्रकला: गौरव कुमार प्रथम तथा निहारिका द्वितीय स्थान पर रहीं।
कविता लेखन: अभिषेक चौबे (ब्लॉक नौगढ़) प्रथम और सोनम कुमारी (ब्लॉक सदर) द्वितीय स्थान पर रहीं।
नुक्कड़ नाटक: ब्लॉक सकलडीहा ने प्रथम और ब्लॉक सदर ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
विजेताओं को प्रमाण-पत्र और स्मृति चिन्ह देकर किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि, राष्ट्रीय लोकगीत कलाकार राम यादव और सैदपुर के ग्राम प्रधान व लोकगीत कलाकार कौशल सिंह द्वारा विजेता एवं उपविजेता कलाकारों को प्रमाण-पत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी अनीश सिंह, रजनीश कुमार पांडेय, राजन कुमार, राहुल कुमार वर्मा, सौरभ सिंह, अजीत कुमार, पीआरडी जवान इंद्रदेव कुमार भारती, राजेश यादव, अशोक कुमार, रामनिवास यादव, राजकुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। जिला युवा कल्याण अधिकारी ने सभी अतिथियों और कलाकारों का आभार व्यक्त किया।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







