जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली के दिव्यांगों को रोजगार का मौका: दुकान व हाथ ठेला के लिए सरकार दे रही मदद, ऐसे करें अप्लाई

चंदौली के दिव्यांग भाई-बहनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार ₹10,000 की वित्तीय सहायता दे रही है। इस योजना के तहत खोखा, गुमटी या हाथ ठेला लगाने के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो चुके हैं। पूरी जानकारी के लिए पढ़ें।

 
 

दिव्यांगों को मिलेगी वित्तीय सहायता

स्वरोजगार के लिए ऑनलाइन आवेदन

कुल ₹10,000 की मिलेगी राशि

जिला कार्यालय में जमा होगी हार्डकॉपी

रत्नेश सिंह ने दी पूरी जानकारी

चंदौली जिले के दिव्यांग भाई-बहनों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने एक शानदार पहल की है। विभाग द्वारा संचालित "उत्तर प्रदेश दिव्यांगजन पुनर्वासन हेतु दुकान निर्माण/दुकान संचालन" योजना के तहत अब पात्र लाभार्थियों को अपना खुद का रोजगार शुरू करने के लिए आर्थिक मदद दी जा रही है। इस योजना के जरिए खोखा, गुमटी या हाथ ठेला खरीदने के लिए ₹10,000 की धनराशि दी जाएगी।

ऋण और अनुदान का अनोखा कॉम्बिनेशन
प्रभारी जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी रत्नेश सिंह ने योजना की बारीकियां समझाते हुए बताया कि स्वीकृत की जाने वाली कुल ₹10,000 की राशि में से ₹7,500 की रकम बहुत ही कम ब्याज दर पर मिलेगी। यह राशि महज चार प्रतिशत (4%) वार्षिक साधारण ब्याज की दर पर लोन (ऋण) के रूप में दी जाएगी। वहीं, बची हुई ₹2,500 की धनराशि सरकार की तरफ से अनुदान (सब्सिडी) के रूप में दी जाएगी, जिसे वापस नहीं करना होगा।

पोर्टल पर करना होगा ऑनलाइन आवेदन
रत्नेश सिंह ने बताया कि जो भी इच्छुक और पात्र दिव्यांगजन इस योजना का लाभ उठाना चाहते हैं, उन्हें सबसे पहले विभाग के आधिकारिक वेब पोर्टल http://divyangjandukan.upsdc.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के लिए कुछ जरूरी कागजात जैसे- आवेदक का नया फोटो, आयु प्रमाण-पत्र, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, आय, जाति व निवास प्रमाण-पत्र, पहचान पत्र और बैंक पासबुक की कॉपी तैयार रखनी होगी।

यहां जमा करनी होगी फॉर्म की हार्ड कॉपी
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद लाभार्थियों को एक जरूरी काम और करना होगा। आवेदकों को अपने भरे हुए फॉर्म का एक प्रिंटआउट (हार्ड कॉपी) निकालना होगा। इसके बाद, ऊपर बताए गए सभी जरूरी दस्तावेजों की फोटोकॉपी को खुद से दस्तखत (स्व-प्रमाणित) करके फॉर्म के साथ नत्थी करना होगा। इस पूरे सेट को विकास भवन के पास स्थित जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय, बिछियांकला, चन्दौली में ले जाकर जमा करना अनिवार्य है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*