चंदौली मेडिकल कॉलेज वसूली मामला: कलेक्ट्रेट में मीटिंग के पहले प्राचार्य और डॉक्टर को नोटिस जारी
मेडिकल कॉलेज विवाद पर DM की बड़ी बैठक
पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू का अल्टीमेटम
कलेक्ट्रेट में 5-5 सदस्यीय टीम करेगी वार्ता
प्राचार्य और आरोपी डॉक्टर को नोटिस जारी
मांग पूरी न होने पर धरने की चेतावनी
चंदौली के बाबा कीनाराम स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं, डॉक्टरों की कथित मनमानी और मरीजों से अवैध वसूली को लेकर माहौल गरमा गया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने जब कड़ा रुख अपनाते हुए सोमवार को मेडिकल कॉलेज परिसर में धरने का ऐलान किया, तो जिला प्रशासन तुरंत एक्शन मोड में आ गया।
ऑपरेशन के नाम पर रुपये मांगने का लगा था गंभीर आरोप
पूर्व विधायक का आरोप है कि मेडिकल कॉलेज के हड्डी विभाग में भर्ती एक मरीज से ऑपरेशन के एवज में रुपयों की मांग की गई थी। पैसे न देने पर मरीज का ऑपरेशन नहीं किया गया, जिसके बाद पूर्व विधायक ने उस मरीज को अपने निजी खर्च पर इलाज के लिए निजी अस्पताल भिजवाया। इसके अलावा, मरीजों को बाहर की दवाइयां लिखने और बच्चों के वार्ड में इलाज में लापरवाही बरतने की शिकायतें भी सामने आईं।
कलेक्ट्रेट में होगी 5-5 सदस्यीय टीमों की अहम वार्ता
मामला तूल पकड़ते ही जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने समस्या के त्वरित निस्तारण के लिए बातचीत का रास्ता चुना। कलेक्ट्रेट में होने वाली इस वार्ता में प्रशासन की ओर से जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्र शेखर, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य अमित सिंह और सीएमओ परितोष मिश्र रहेंगे। वहीं पूर्व विधायक की ओर से सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, विधानसभा अध्यक्ष रामजन्म यादव, संतोष उपाध्याय, हरदेव मौर्य और खुद मनोज डब्लू शामिल होंगे।
प्राचार्य और डॉक्टर को नोटिस, समाधान न होने पर धरने की चेतावनी
पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने बताया कि जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य को नोटिस जारी किया है, वहीं प्राचार्य ने संबंधित डॉक्टर को नोटिस देकर जवाब तलब किया है। पूर्व विधायक ने साफ कहा कि यदि कलेक्ट्रेट की वार्ता में समस्याओं का ठोस और स्थायी निस्तारण हो जाता है तो ठीक, अन्यथा जनहित के लिए वे मेडिकल कॉलेज परिसर पहुंचकर धरना देने को मजबूर होंगे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








