जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

DM चंद्र मोहन गर्ग ने समितियों पर मारा छापा, B-PACS और किसान सेवा केंद्र का हाल देख भड़के साहब

चंदौली के किसानों को समय पर और सही दाम में खाद दिलाने के लिए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने B-PACS और किसान सेवा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान खामियां मिलने पर अफसरों की क्लास लगाई और ओवररेटिंग करने वालों को सख्त चेतावनी दी।

 
 

डीएम चंद्र मोहन गर्ग का औचक निरीक्षण

B-PACS और किसान सेवा केंद्र की जांच

बिक्री रजिस्टर अपडेट न मिलने पर नाराजगी

ई-पॉश मशीन से पारदर्शी वितरण का आदेश

कालाबाजारी और ओवररेटिंग पर होगी सख्त कार्रवाई

चंदौली जिले में किसानों को यूरिया और डीएपी जैसे जरूरी उर्वरकों की कोई किल्लत न हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। मंगलवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति (B-PACS) चन्दौली और मंडी परिसर में बने किसान सेवा केंद्र का अचानक दौरा किया। डीएम के इस औचक निरीक्षण से केंद्र पर हड़कंप मच गया।

स्टॉक और रजिस्टरों की बारीकी से जांच निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गोदाम में रखी खाद की भौतिक उपलब्धता, स्टॉक पंजिकाओं और पीओएस (PoS) मशीन में दर्ज आंकड़ों का आपस में मिलान कराया। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि कागजों और गोदाम के असल स्टॉक में एक बोरी का भी अंतर नहीं होना चाहिए। इस दौरान मंडी परिसर स्थित किसान सेवा केंद्र पर बिक्री रजिस्टर अपडेट न मिलने पर डीएम ने अधिकारियों पर गहरी नाराजगी जताई और इसे तुरंत अपडेट करने के सख्त निर्देश दिए।

dm-chandra-mohan-garg-fertilizer-inspection

किसानों से की सीधी बात, जानीं समस्याएं 
निरीक्षण के बीच जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने केंद्र पर खाद लेने आए किसानों से सीधे बातचीत की। उन्होंने किसानों से पूछा कि उन्हें खाद मिलने में कोई परेशानी तो नहीं हो रही है या उनसे तय कीमत से ज्यादा पैसे तो नहीं मांगे जा रहे हैं। डीएम ने मौके पर मौजूद सुविधाओं का फीडबैक लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि धूप और गर्मी को देखते हुए परिसर में किसानों के बैठने के लिए छाया और पीने के पानी की बेहतर व्यवस्था की जाए।

dm-chandra-mohan-garg-fertilizer-inspection

कालाबाजारी और ओवररेटिंग पर दी चेतावनी 
जिलाधिकारी ने कड़े शब्दों में कहा कि जिले में किसानों को उर्वरक का वितरण पूरी पारदर्शिता के साथ ई-पॉश मशीन के जरिए ही किया जाएगा। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि अगर कहीं भी ओवररेटिंग, जमाखोरी या खाद की कालाबाजारी का मामला सामने आता है, तो दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ तत्काल कड़ी प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि किसानों का शोषण न हो सके।

समय पर और सही दाम में खाद प्राथमिकता 
डीएम ने कहा कि जिले के गोदामों में खाद का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखना और दैनिक आधार पर वितरण की रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजना अनिवार्य है। किसानों को समय पर और सरकार द्वारा तय की गई सही दरों पर ही खाद मिले, यह जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर जरा सी भी लापरवाही या गड़बड़ी को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे कई अधिकारी 
इस औचक निरीक्षण के समय जिलाधिकारी के साथ जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव, एआर कोआपरेटिव विपिन कुमार समेत कृषि और सहकारिता विभाग के कई अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि डीएम के निर्देशों का पूरी तरह से पालन कराया जाएगा और किसानों को बिना किसी परेशानी के पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाएगी।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*