जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

ओवरलोड ट्रकों पर डीएम-एसपी का चला चाबुक, 14 गाड़ियां सीज और 4 साल से डिफॉल्टर जेसीबी बंद

चन्दौली जिले में ओवरलोडिंग और राजस्व चोरी के खिलाफ जिला प्रशासन ने संयुक्त टास्क फोर्स बनाकर महाअभियान चलाया। इस कार्रवाई के तहत 14 ओवरलोड वाहनों को सीज किया गया है और करीब 5 लाख रुपये जुर्माना वसूला जाएगा।

 
 

डीएम और एसपी का संयुक्त चेकिंग अभियान

14 ओवरलोड ट्रक और पिकअप गाड़ियां बंद

चार साल से बकायेदार जेसीबी मशीन सीज

नंबर प्लेट छिपाने वाले वाहनों पर लगा जुर्माना

ड्राइवरों के लाइसेंस और परमिट होंगे निरस्त

चन्दौली जिले में सड़कों पर काल बनकर दौड़ रहे ओवरलोड वाहनों और परिवहन नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी दंडात्मक कार्रवाई की है। जिलाधिकारी (डीएम) के कड़े रुख और पुलिस अधीक्षक (एसपी) आकाश पटेल के कुशल नेतृत्व में खनन, परिवहन, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की एक संयुक्त टास्क फोर्स (एसटीएफ) का गठन किया गया। इस विशेष टीम ने जिले के विभिन्न संवेदनशील मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाकर अवैध परिवहन सिंडिकेट की कमर तोड़ दी है।

4 साल से टैक्स दबाए बैठी जेसीबी सीज
इस महाअभियान के दौरान परिवहन विभाग को एक बड़ी सफलता हाथ लगी। चेकिंग टीम ने एक ऐसी संदिग्ध जेसीबी मशीन को पकड़कर बंद किया, जिस पर पिछले चार वर्षों से सरकारी टैक्स का भारी बकाया चल रहा था। जब एआरटीओ विभाग द्वारा इसकी गहराई से जांच की गई, तो पता चला कि उक्त जेसीबी मशीन की फिटनेस, इंश्योरेंस (बीमा) और पीयूसी (प्रदूषण प्रमाण पत्र) की अवधि भी काफी समय पहले समाप्त हो चुकी थी। बिना वैध दस्तावेजों के सड़क पर चल रही इस मशीन को एआरटीओ ने तत्काल प्रभाव से सीज करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

dm-sp-action-overload-trucks-arto-license-suspend

20 टन तक ओवरलोड थे मोरंग-गिट्टी लदे 14 ट्रक
संयुक्त टास्क फोर्स ने विभिन्न रूटों से मोरंग, बालू और गिट्टी लादकर जा रहे 14 ओवरलोड ट्रकों और पिकअप वाहनों को घेराबंदी करके दबोच लिया। वेइंग मशीन (कांटे) पर जांच के दौरान अधिकांश वाहन तय मानक से लगभग 20 टन तक अधिक ओवरलोड पाए गए, जो सड़क की सेहत और आम राहगीरों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा थे।

चौंकाने वाली बात यह रही कि कार्रवाई और कैमरों से बचने के लिए कई ट्रक ऑपरेटरों ने जानबूझकर अपने वाहनों की नंबर प्लेटों को छुपा रखा था या उन पर मिट्टी लगा रखी थी। प्रशासन ने ऐसे चालाक वाहन स्वामियों को चिह्नित कर उन पर नंबर प्लेट छिपाने का अलग से भारी जुर्माना ठोक दिया है।

5 लाख रुपये के राजस्व की वसूली
चन्दौली के एआरटीओ डॉ. सर्वेश गौतम ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि इस सघन चेकिंग अभियान के जरिए परिवहन विभाग को करीब पांच लाख रुपये का जुर्माना और बकाया टैक्स मिलने की पूरी संभावना है। उन्होंने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए कहा कि केवल आर्थिक जुर्माना ही काफी नहीं है; अब नियमों का उल्लंघन करने वाले सभी चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) को हमेशा के लिए निलंबित करने और संबंधित ट्रकों के परमिट को रद्द करने की कठोर विधिक प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।

पकड़े गए सभी अवैध और ओवरलोड वाहनों को सुरक्षा के लिहाज से इंडस्ट्रियल एरिया पुलिस चौकी और मंडी कोतवाली नगर चौकी में खड़ा कराया गया है। एआरटीओ ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि राजस्व की चोरी और ओवरलोडिंग के खिलाफ यह अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा। इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से जिले के परिवहन माफियाओं और ओवरलोड वाहन संचालकों में पूरी तरह हड़कंप मच गया है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*