Double Murder: घटना से पहले सागर ने पत्नी को किया था मैसेज - मित्र को सब निपटा दिए, धीना में दो दोस्तों की हत्या का जल्द होगा खुलासा
धीना के डेढ़गांवा में मिले दो युवकों के शव मामले में बड़ा खुलासा होने की उम्मीद, मारने से पहले सागर ने पत्नी को भेजा था मैसेज - सिद्धार्थ को निपटा दिया, पुलिस को रवि सिंह पर शक, काली स्कॉर्पियो से ले गए थे शव।
घटना से पहले पत्नी को मैसेज
मित्र को सब निपटा दिए
दो मित्रों की गोली मार हत्या
काली स्कॉर्पियो से ले गए शव
नगवा मेढ़वा गांव में थी खाने पीने की पार्टी
चंदौली जनपद के धीना थाना क्षेत्र के डेढ़गांवा गांव के पास 22 अक्टूबर को मिले गाजीपुर के करंडा निवासी सिद्धार्थ सिंह और कानपुर निवासी सागर त्रिपाठी के लहूलुहान शवों के मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है। दोहरे हत्याकांड की पड़ताल में क्राइम ब्रांच समेत पुलिस की कई टीमें जुटी हैं। इस मामले में अब एक सनसनीखेज मैसेज सामने आया है, जो मरने से पहले सागर ने अपनी पत्नी को भेजा था।
पुलिस को रवि सिंह पर शक, घर पर ताला
पुलिस को धानापुर थाना क्षेत्र के नगवा मेढ़वा उर्फ पंचगंगापुर निवासी रवि सिंह पर हत्या का संदेह है। उसके घर पर ताला लगा है और परिवार के सदस्यों के भी गायब होने की बात सामने आई है। पुलिस लगातार उसके घर और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।
21 अक्टूबर की रात नगवा मेढ़वा में थे दोनों
पुलिस के अनुसार, दोनों युवक 21 अक्टूबर की रात नगवा मेढ़वा गांव में मौजूद थे। उनके मोबाइल फोन की आखिरी लोकेशन भी इसी इलाके में मिली है। बताया जा रहा है कि गांव के विकास सिंह के पंपिंग सेट पर घटना वाली रात नॉनवेज और शराब की पार्टी हुई थी। पार्टी में कई लोग शामिल हुए थे। खाना खाने के बाद अधिकांश लोग वहां से चले गए, जबकि कुछ लोग मौके पर रुके थे। पुलिस अब पार्टी में शामिल लोगों और उनके बीच हुई गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।
पत्नी को भेजा था आखिरी मैसेज
जांच में एक महत्वपूर्ण तथ्य यह सामने आया है कि घटना की रात सागर त्रिपाठी ने अपनी पत्नी और एक मित्र को मोबाइल से संदेश भेजा था। संदेश में उसने लिखा था कि *सिद्धार्थ को निपटा दिया गया है और यहां सब कुछ गड़बड़ है।* पुलिस इस संदेश को घटनाक्रम की महत्वपूर्ण कड़ी मानकर जांच कर रही है। इससे आशंका जताई जा रही है कि पहले सिद्धार्थ की हत्या हुई और उसके बाद सागर को निशाना बनाया गया। यह मैसेज इस दोहरे हत्याकांड की सबसे बड़ी कड़ी बन गया है।
गोली मारने के बाद गला भी रेता
पुलिस के मुताबिक, दोनों युवकों को गोली मारे जाने के बाद सागर का गला भी रेता गया था। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने कई साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस हत्या में इस्तेमाल हथियारों और अन्य सामान की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
काली स्कॉर्पियो से ले गए थे शव
जांच में एक और अहम सुराग सामने आया है। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद शवों को काली स्कॉर्पियो से ले जाया जा रहा था। इसी दौरान वाहन कथित तौर पर सकरारी गांव की ओर चला गया। वहां जमीन पर खून के निशान मिले हैं। साथ ही सीसीटीवी फुटेज में वाहन का नंबर भी पुलिस के हाथ लगा है। पुलिस अब उस स्कॉर्पियो की तलाश कर रही है।
पुलिस अब हत्या के पीछे कटरा दुकान के सौदे से जुड़े विवाद समेत अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। बताया गया है कि रवि सिंह केंद्रीय पुलिस बल में तैनात हैं और घटना के समय छुट्टी पर थे। सिद्धार्थ को उनका चचेरा साला बताया जा रहा है। नगवा मेढ़वा गांव में लगातार छापेमारी की जा रही है और पुलिस घटनाक्रम से जुड़े हर व्यक्ति की भूमिका की जांच कर रही है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







