दूल्हे के शराबी दोस्तों की हरकत से जमीन पर लोटने लगा दूल्हा, भड़के लड़की वालों ने तोड़ा रिश्ता और बारातियों को बनाया बंधक
चंदौली में एक शादी उस वक्त हंगामे में बदल गई जब दूल्हे ने शराब पीकर अजीब हरकतें शुरू कर दीं। दुल्हन पक्ष ने न सिर्फ शादी तोड़ी, बल्कि दूल्हे और उसके परिजनों को रोककर खर्चे की मांग शुरू कर दी।
नशे में धुत दूल्हे की शर्मनाक हरकतें
कन्या पक्ष ने ठुकराई शादी की रस्में
3 लाख रुपये हर्जाने की मांग पर अड़े परिजन
पूरी रात गांव में चलती रही पंचायत
पुलिस की मौजूदगी में थाने पहुंचा विवाद
चंदौली जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक शादी की खुशियां चंद घंटों में मातम और तनाव में बदल गईं। मंगलवार की रात एक दूल्हे को शराब का नशा इस कदर भारी पड़ा कि उसे अपनी दुल्हन के बजाय पुलिस के पहरे में रात बितानी पड़ी। दूल्हे की शर्मनाक हरकतों से आक्रोशित कन्या पक्ष ने न केवल शादी की रस्में रोक दीं, बल्कि दूल्हे और उसके परिवार को बंधक बनाकर हर्जाने की मांग शुरू कर दी।
शराब के नशे में जमीन पर लोटने लगा दूल्हा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इलिया थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी राममूरत के पुत्र संतोष की शादी सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में तय हुई थी। मंगलवार शाम बारात बड़े ही धूमधाम और डीजे की धुन पर लड़की के घर पहुंची। द्वार पूजा की रस्में चल ही रही थीं कि अचानक दूल्हे संतोष की हालत बिगड़ने लगी। आरोप है कि संतोष ने अपने दोस्तों के साथ कार के पीछे बैठकर चिकन और शराब का अत्यधिक सेवन कर लिया था। नशे का असर होते ही वह जमीन पर लेटकर अजीबोगरीब हरकतें करने लगा।
कन्या पक्ष ने तोड़ा रिश्ता, की खर्च की मांग
दूल्हे की ऐसी हालत देख दुल्हन के परिजन सन्न रह गए। पहले उन्हें लगा कि शायद दूल्हा किसी बीमारी से ग्रसित है, लेकिन जल्द ही असलियत सामने आ गई कि यह बीमारी नहीं बल्कि शराब का नशा है। अपमानित महसूस कर रहे कन्या पक्ष ने तत्काल प्रभाव से शादी की रस्में रोक दीं। दुल्हन के भाई ने स्पष्ट किया कि वे अपनी बहन का भविष्य ऐसे व्यक्ति के हाथ में नहीं दे सकते। इसके बाद परिजनों ने दूल्हे संतोष, उसके पिता और बड़े भाई को रोक लिया और शादी की तैयारियों में हुए लगभग 3 लाख रुपये के खर्च की भरपाई करने की मांग रख दी।
पूरी रात चली पंचायत, फिर पहुंची पुलिस
इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बीच पूरी रात गांव में पंचायत चलती रही। दुल्हन पक्ष का कहना था कि जब तक उन्हें खर्च किया गया पैसा वापस नहीं मिलता, वे दूल्हे को नहीं जाने देंगे। बुधवार दोपहर जब किसी ने पुलिस को सूचना दी कि दूल्हे और उसके परिजनों को बंधक बनाया गया है, तो पुलिस मौके पर पहुंची। सदर कोतवाल बीके पांडेय ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर थाने लाया।
थाने में समझौते का दौर काफी देर तक जारी
थाने पहुंचने के बाद भी दोनों पक्ष अपनी-अपनी बातों पर अड़े रहे। दूल्हे के पिता राममूरत का कहना था कि दूल्हे के दोस्तों ने उसे जबरन शराब पिला दी थी, जिसकी वजह से यह अनर्थ हुआ। वहीं, कन्या पक्ष का कहना है कि उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को जो ठेस पहुंची है और जो आर्थिक नुकसान हुआ है, उसका हर्जाना मिलना चाहिए। सदर कोतवाल ने बताया कि दोनों पक्षों से बातचीत की जा रही है और तहरीर के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि नशे की लत न केवल व्यक्ति बल्कि पूरे परिवार की खुशियों को बर्बाद कर सकती है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








