Election Review: निर्वाचन आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने चंदौली में की समीक्षा बैठक, BLO व स्वीप आइकन को किया सम्मानित
भारत निर्वाचन आयोग के आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने चंदौली में चुनाव तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने त्रुटिरहित मतदाता सूची बनाने, युवा-महिला वोटर जोड़ने और बूथ व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
निर्वाचन आयुक्त डॉ. विवेक जोशी चंदौली दौरे
युवा और महिला मतदाता जोड़ने अभियान
एक बूथ पर 1200 से अधिक वोटर नहीं
कलेक्ट्रेट सभागार में निर्वाचन कार्यों की समीक्षा
नए वोटरों और बीएलओ को किया सम्मानित
भारत निर्वाचन आयोग के आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने 21 नवंबर 2026 को चंदौली का दौरा किया और कलेक्ट्रेट सभागार में निर्वाचन से जुड़े कार्यों की गहन समीक्षा की। बैठक की शुरुआत में जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष कुमार ने जिले की सामान्य स्थिति, चल रही चुनावी प्रक्रिया, विधानसभावार ईपी रेशियो और जेंडर रेशियो के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं, पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने जिले की कानून व्यवस्था और सुरक्षा तैयारियों का पूरा ब्यौरा निर्वाचन आयुक्त के सामने रखा।

कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से न छूटे: विवेक जोशी
समीक्षा बैठक के दौरान निर्वाचन आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराना सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध और त्रुटिरहित होनी चाहिए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक वोटर बनने से वंचित न रहे। इसके लिए उन्होंने महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, छात्रावासों और भर्ती रैलियों में विशेष कैंप लगाकर युवाओं से फॉर्म-6 भरवाने का निर्देश दिया। साथ ही शहरी और ग्रामीण इलाकों में मतदाता जागरूकता अभियान तेज करने को कहा।
कम जेंडर रेशियो वाले क्षेत्रों में जुड़ेंगे महिलाओं के नाम
जेंडर रेशियो की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने उन विधानसभा क्षेत्रों पर खास ध्यान देने को कहा जहां महिला मतदाताओं का प्रतिशत कम है। उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसे इलाकों में विशेष अभियान चलाकर पात्र महिलाओं से फॉर्म-6 भरवाया जाए और इसके लिए स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का भी सहयोग लिया जाए। इसके अलावा उन्होंने नाम या पते में सुधार के लिए आने वाले फॉर्म-8 के कार्यों पर लगातार निगरानी रखने और मतदाता सूची को दुरुस्त करने में बीएलओ की भूमिका को बेहद अहम बताया।

एक बूथ पर 1200 से ज्यादा वोटर नहीं, कर्मियों को मिले बेहतर ट्रेनिंग
मतदान केंद्रों की व्यवस्था पर चर्चा करते हुए डॉ. जोशी ने निर्देश दिया कि किसी भी एक बूथ पर 1200 से अधिक मतदाता नहीं होने चाहिए। उन्होंने मतदान के दिन हर केंद्र पर मतदान कर्मियों के लिए सभी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने और संवेदनशील बूथों की पहचान कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा। आयुक्त ने कहा कि मतदान कर्मियों को जितनी बेहतर और गुणवत्तापूर्ण ट्रेनिंग दी जाएगी, चुनाव प्रक्रिया उतनी ही आसानी से संपन्न होगी। उन्होंने राजनीतिक दलों के साथ नियमित बैठक कर आयोग के नियमों की जानकारी देने को भी कहा।

बूथों का किया निरीक्षण, नए वोटर और बीएलओ हुए सम्मानित
समीक्षा बैठक के दौरान निर्वाचन आयुक्त ने नए मतदाताओं को वोटर आईडी कार्ड सौंपे और उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ, स्वीप आइकन रूबी बानो व वृक्ष बंधु परशुराम सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। अंत में जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने आश्वस्त किया कि सभी निर्देशों का पूरी तरह पालन कराया जाएगा। बैठक के बाद आयुक्त ने डीएम शैलेष कुमार और एसपी आकाश पटेल के साथ विभिन्न बूथों का भ्रमण किया और बीएलओ व आम लोगों से संवाद कर छूटे हुए वोटरों के नाम जोड़ने की जमीनी हकीकत परखी। इस मौके पर सीडीओ आर जगत साईं, एएसपी विक्रम दहिया, एडीएम राजेश कुमार और ईआरओ समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







