जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

हिन्दी दिवस पर महाविद्यालय में हुआ निबंध एवं स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन

यह दिन हिन्दी भाषियों के लिए गर्व का दिन है क्योंकि अथक संघर्ष के बाद हिन्दी को राष्ट्रभाषा का दर्जा प्राप्त हुआ, लेकिन आज भी इसे इसका वाजिब हक पूरी तरह से नहीं मिला।
 

महाविद्यालय में हिन्दी दिवस का भव्य आयोजन

निबंध और स्लोगन प्रतियोगिता में छात्रों की उत्साही भागीदारी

हिन्दी सभी भाषाओं के माथे की बिंदी है – प्राचार्य

चंदौली जिले में मुख्यालय स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में रविवार को हिन्दी दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ प्राचार्य डा. सुकृति मिश्रा ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। हिन्दी विभागाध्यक्ष डा. रविन्द्र यादव के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में निबंध और स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही प्राचार्य डा. सुकृति मिश्रा ने कहा कि हिन्दी सभी भाषाओं के माथे की बिंदी है। उन्होंने भाषा को किसी भी देश की सभ्यता और संस्कृति की आधारशिला बताते हुए छात्रों से हिन्दी के संरक्षण और प्रसार का आह्वान किया। वहीं हिन्दी विभाग के प्रभारी डा. रविन्द्र यादव ने कहा कि हिन्दी दिवस हर वर्ष 14 सितंबर को मनाया जाता है। यह दिन हिन्दी भाषियों के लिए गर्व का दिन है क्योंकि अथक संघर्ष के बाद हिन्दी को राष्ट्रभाषा का दर्जा प्राप्त हुआ, लेकिन आज भी इसे इसका वाजिब हक पूरी तरह से नहीं मिला।

इस अवसर पर डा. पंकज कुमार झा, डा. पवन गुप्ता, डा. अशोक कुमार यादव और डा. अरविन्द कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त किए और हिन्दी भाषा को एकजुटता तथा राष्ट्रीय अस्मिता का प्रतीक बताया। प्रतियोगिता के दौरान छात्र-छात्राओं ने भाषण, कविता, गीत के साथ-साथ नृत्य और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से हिन्दी के महत्व को प्रस्तुत किया।

अंशिका पांडेय, आकांक्षा वर्मा, चुलबुल यादव, रेखा, दीपक, कुश, शिवनारायण, विकास और प्रतिज्ञा की प्रस्तुतियों को विशेष रूप से सराहा गया। कार्यक्रम के अंत में निर्णायक मंडल ने विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया और हिन्दी के उत्थान में युवाओं की भूमिका पर जोर दिया।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*