जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

हाउस अरेस्ट के बाद गरजे पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू— 'मैं मुलायम का शिष्य..अमड़ा जाने से कोई रोक नहीं सकता'

चंदौली में बिजली और सिंचाई संकट पर अमड़ा पावर हाउस पर प्रस्तावित धरने से पहले पुलिस ने सपा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू को उनके सैयदराजा आवास पर हाउस अरेस्ट कर लिया है। भारी फोर्स की तैनाती से क्षेत्र में तनाव है।

 
 

पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू हुए हाउस अरेस्ट

सैयदराजा आवास पर भारी पुलिस और पीएसी तैनात

2 सीओ, 3 नायब तहसीलदार कर रहे निगरानी

बिजली-सिंचाई संकट को लेकर था प्रस्तावित धरना

पूर्व विधायक ने सरकार पर लगाया तानाशाही का आरोप

चंदौली जिले के बरहनी क्षेत्र स्थित अमड़ा पावर हाउस पर बिजली और किसानों की समस्याओं को लेकर होने वाले बड़े आंदोलन से पहले सोमवार को प्रशासन ने बेहद सख्त रुख अपनाया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू को पुलिस ने उनके सैयदराजा स्थित आवास पर ही हाउस अरेस्ट (नजरबंद) कर दिया है। पूर्व विधायक के घर पर तीन थानों की पुलिस समेत भारी मात्रा में पुलिसकर्मियों और पीएसी (PAC) के जवानों को तैनात कर दिया गया है। अमड़ा पावर हाउस से लेकर पूर्व विधायक के घर तक का पूरा इलाका इस समय छावनी में बदल चुका है।


2 सीओ और 3 नायब तहसीलदार संभाल रहे कमान
कानून-व्यवस्था को बिगड़ने से रोकने के लिए जिला प्रशासन पूरी ताकत झोंक चुका है। मौके पर दो क्षेत्राधिकारी (सीओ) और तीन नायब तहसीलदारों की अगुवाई में कुल आठ थानों की पुलिस फोर्स लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। प्रशासन ने पहले ही इस धरने की अनुमति देने से इनकार कर दिया था, लेकिन सपा कार्यकर्ताओं के तेवर देखकर यह सुरक्षा घेरा और कड़ा कर दिया गया है। पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने घर के बाहर भारी पुलिस बल की तैनाती को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तानाशाही का गंभीर आरोप लगाया है।

ex-mla-manoj-singh-dablu-house-arrest-syedraja

पंप कैनाल की बिजली कटौती पर भड़के पूर्व विधायक
पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि वर्तमान प्रशासन किसानों की बिजली-पानी की समस्याओं का निस्तारण करने के बजाय विपक्ष के नेताओं को प्रताड़ित करने का काम कर रहा है। उन्होंने पुराना रिकॉर्ड याद दिलाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के समय क्षेत्र के पंप कैनाल को स्वतंत्र और बिना रुकावट के बिजली आपूर्ति देने की खास व्यवस्था की गई थी। लेकिन भाजपा के वर्तमान विधायक ने किसानों के हितों की पूरी तरह उपेक्षा करते हुए गांवों की सामान्य बिजली को भी पंप कैनाल की लाइन से जोड़ दिया है, जिससे अब न तो गांवों को बिजली मिल पा रही है और न ही पंप कैनाल चल पा रहे हैं।

ex-mla-manoj-singh-dablu-house-arrest-syedraja

'बोल मुलायम हल्ला बोल' कर अमड़ा जरूर जाऊंगा
हाउस अरेस्ट होने के बाद भी पूर्व विधायक के तेवर बिल्कुल ढीले नहीं पड़े हैं। उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को खुली चुनौती देते हुए कहा, "अधिकारी यहीं मेरे आवास पर आकर लिखित रूप में बता दें कि वे किसानों की इस समस्या को कब तक दूर कराएंगे, तो मैं अमड़ा पावर हाउस नहीं जाऊंगा। अगर अधिकारी नहीं आते हैं, तो कोई माई का लाल मुझे रोक नहीं सकता है। हम लोग श्रद्धेय मुलायम सिंह यादव के शिष्य हैं। 'बोल मुलायम हल्ला बोल' का नारा बुलंद करते हुए हम अमड़ा पावर हाउस जरूर जाएंगे। किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी और बिजली दिलाने का हमारा यह संघर्ष हर हाल में जारी रहेगा।"

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*