जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

सपा नेताओं ने मुख्यमंत्री के आगमन पर दिलायी इन लंबित परियोजनाओं की याद, पूर्व रामकिशुन की है ये मांग

सपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री से चंदौली दौरे के दौरान इन मुद्दों पर गंभीरता से ध्यान देने और जनता की जरूरतों को समझते हुए तत्काल प्रभाव से इन परियोजनाओं को चालू कराने की मांग की है।
 

मुगलसराय विधानसभा की कई रुकी परियोजनाओं पर खींचा ध्यान

रामकिशुन यादव ने नरवन क्षेत्र के किसानों की समस्या पर दिलाया याद

यहां बनने वाली  40 करोड़ की परियोजनाएं वर्षों से अधर में लटकीं

चंदौली जिले के नरवन क्षेत्र के किसानों को कर्मनाशा नदी से सिंचाई के लिए पानी देने के उद्देश्य से बनाई गई दो लिफ्ट कैनाल परियोजनाएं आज भी अधूरी पड़ी हैं। इन दोनों परियोजनाओं पर लगभग 40-40 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे, जो सपा सरकार के कार्यकाल में शुरू की गई थीं। लेकिन, इनसे किसानों को आज तक कोई लाभ नहीं मिल सका है।

जानकारी के अनुसार, कर्मनाशा नदी पर बनाए गए दोनों लिफ्ट कैनाल में से एक पंप अदसड़ में और दूसरा पंप चारी में स्थापित किया गया है। इन दोनों पंपों से अंडरग्राउंड पाइप लाइन के जरिए नारायणपुर नहर में पानी गिराया जाना था, जिससे कन्दवा और घोसवां गांव के आसपास के खेतों की सिंचाई हो सके। लेकिन पिछले 9 वर्षों से यह पंप कैनाल चालू नहीं हो पाई है।

स्थानीय किसानों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि हर बार जब भी पंप चालू किया जाता है, पाइप लाइन में तकनीकी खामी के चलते फट जाती है, जिससे पूरी परियोजना ठप हो जाती है। जबकि इस मामले की कई बार जांच कराई जा चुकी है, बावजूद इसके कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला जा सका है।

सपा के पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यह अत्यंत दुखद और चिंताजनक है कि इतनी बड़ी धनराशि खर्च करने के बाद भी नरवन क्षेत्र के किसानों को उनको सिंचाई के पानी का अधिकार नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन को निर्देशित करें कि इन पंप कैनाल परियोजनाओं को शीघ्र चालू किया जाए। उन्होंने बताया कि नारायणपुर पंप कैनाल के टेल पर स्थित नरवन क्षेत्र के किसान सिंचाई के लिए हर साल संघर्ष करते हैं। यदि यह परियोजना चालू हो जाती है तो हजारों हेक्टेयर भूमि की सिंचाई सुनिश्चित की जा सकती है और किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। 

इसके साथ ही साथ समाजवादी पार्टी के मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने जनपद चंदौली की विभिन्न ठप पड़ी विकास परियोजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार द्वारा जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कई योजनाएं शुरू की गई थीं, लेकिन वर्तमान में वे या तो पूरी तरह से ठप हैं या अधूरी अवस्था में हैं, जिससे आम जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

कार्यकर्ताओं का कहना है कि चंदौली जिले की 380 विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से बनाई गई कई परियोजनाएं सिर्फ कागजों तक सीमित रह गई हैं। एकौनी में बना करोड़ों का अस्पताल अब तक चालू नहीं हो पाया है, जबकि इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराना था। इसी तरह गंगा कटान का मुद्दा भी गंभीर बना हुआ है। पड़ाव से सहजौर कक तक हर वर्ष गंगा की कटान से किसानों की उपजाऊ भूमि नदी में समा जाती है, लेकिन अब तक इस पर स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।

पूर्ववर्ती सपा सरकार द्वारा स्थापित महदेउर पंप कैनाल से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई की सुविधा मिल रही थी, लेकिन वर्तमान में यह भी बंद पड़ा है। दुल्हीपुर और सतपोखरी क्षेत्रों में पानी निकासी की उचित व्यवस्था न होने से आमजन को जलजमाव की समस्या का सामना करना पड़ता है।

मुगलसराय बाजार क्षेत्र में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर कराए जा रहे सड़क निर्माण और चौड़ीकरण कार्यों को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। कभी फोर लेन तो कभी सिक्स लेन की बात कर अधिकारियों द्वारा आम जनता को भ्रमित किया जा रहा है। समाजवादी कार्यकर्ताओं ने यह भी बताया कि चंदौली जनपद कभी धान के कटोरे के नाम से जाना जाता था। यहां के खेतों की सिंचाई के लिए नहरों का जाल बिछाया गया था, लेकिन आज हालात यह हैं कि नहरों की समय पर सफाई नहीं हो रही है। इससे किसानों की फसलें प्रभावित हो रही हैं।

भोगवारे अस्पताल जर्जर अवस्था में है और बबुरी में बना अस्पताल, जिसका निर्माण समाजवादी सरकार के कार्यकाल में हुआ था, आज तक शुरू नहीं किया जा सका है। अगर यह अस्पताल चालू होता, तो आसपास के 15 किलोमीटर क्षेत्र के लोग आसानी से इलाज प्राप्त कर सकते थे।

सपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री से चंदौली दौरे के दौरान इन मुद्दों पर गंभीरता से ध्यान देने और जनता की जरूरतों को समझते हुए तत्काल प्रभाव से इन परियोजनाओं को चालू कराने की मांग की है। साथ ही कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा आम जनता और किसानों की समस्याओं को लेकर प्रतिबद्ध रही है, और भविष्य में भी जनहित में संघर्ष करती रहेगी।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*