जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

Chandauli Food Raid Diwali: दीपावली से पहले चहनिया और DDU नगर में खाद्य विभाग की छापेमारी, विनायक स्वीट हाउस का लाइसेंस निलंबित, आर्य स्वीट हाउस से बर्फी-चाट के सैंपल लिए

दीपावली से पहले चहनिया और DDU नगर में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, आर्य स्वीट हाउस से बर्फी-चाट के नमूने लिए, कैलाशपुरी विनायक स्वीट हाउस में गंदगी मिलने पर लाइसेंस तत्काल निलंबित।

 
 

चहनिया DDU नगर में छापेमारी

विनायक स्वीट हाउस लाइसेंस निलंबित

आर्य स्वीट हाउस से सैंपल लिए

दीपावली से पहले मिलावट पर कार्रवाई

कैलाशपुरी में गंदगी मिलने पर एक्शन

आगामी दीपावली त्योहार के मद्देनजर मिलावटखोरों पर नकेल कसने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन सतर्क हो गया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश (लखनऊ) और जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के आदेश पर, तथा सहायक आयुक्त (खाद्य द्वितीय) चंदौली के निर्देशन में जनपद के विभिन्न कस्बों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को चहनिया और पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (DDU नगर/ मुगलसराय) में छापेमारी की गई।

जनपदीय टीम का नेतृत्व कर रहे मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमल निवास त्रिपाठी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने चहनिया कस्बे में स्थित आर्य स्वीट हाउस पर अचानक छापा मारा। टीम ने दुकान से बर्फी और चाट के नमूने एकत्र कर जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेज दिए हैं। इसके साथ ही मिठाई निर्माण स्थल का निरीक्षण कर संचालक को साफ-सफाई की चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित करने की कड़ी हिदायत दी गई। अधिकारियों ने दुकानदार को हिदायत दी कि त्योहार पर गुणवत्ता से कोई समझौता न करें।

food-raid-vinayak-sweets-license-suspended-arya-sample

गंदगी मिलने पर विनायक स्वीट हाउस पर हुई कार्रवाई, लाइसेंस तुरंत सस्पेंड

उधर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में राज्य सचल दल (अंतर्जनपदीय टीम) द्वारा सघन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान कैलाशपुरी स्थित विनायक स्वीट हाउस की निर्माण इकाई का जब बारीकी से निरीक्षण किया गया, तो वहां अत्यधिक गंदगी पाई गई। किचन में साफ-सफाई नहीं थी, मिठाई बनाने की जगह पर गंदगी का अंबार लगा था।

गंभीर अनियमितता को देखते हुए जांच टीम ने प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित करने की तुरंत संस्तुति की। इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए सहायक आयुक्त (खाद्य द्वितीय) धीरेंद्र प्रताप सिंह ने 'विनायक स्वीट हाउस' का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इसके अलावा, कस्बे की अन्य दुकानों का निरीक्षण कर पाई गई कमियों के आधार पर उन्हें 'सुधार नोटिस' जारी किया गया है।

food-raid-vinayak-sweets-license-suspended-arya-sample

सहायक आयुक्त (खाद्य द्वितीय) धीरेंद्र प्रताप सिंह ने स्पष्ट किया कि दीपावली पर आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों और नियमों का उल्लंघन करने वाले खाद्य कारोबारियों के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि त्योहार पर मिलावटी मिठाई बेचने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। संकलित नमूनों की लैब रिपोर्ट आते ही दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आज की छापेमारी दल में मुख्य रूप से खाद्य सुरक्षा अधिकारी रणधीर सिंह यादव एवं अरविंद कुमार शामिल रहे। विभाग ने सभी मिठाई दुकानदारों से अपील की है कि साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें और अच्छी गुणवत्ता की मिठाई ही बेचें।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*