जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

खुले में मीट बेचने वालों की खैर नहीं, ADM ने दिए दुकानें बंद कराकर कार्रवाई के दिए आदेश

चंदौली में खाद्य सुरक्षा सलाहकार समिति की बैठक में ADM रतन वर्मा ने खुले में मांस बेचने वाली दुकानों पर कार्रवाई का आदेश दिया। साथ ही विक्रेताओं के लाइसेंस के लिए कैंप लगाने के निर्देश दिए।

 

कलेक्ट्रेट सभागार में खाद्य सुरक्षा समिति की बैठक

खुले में मांस बेचने पर लगेगी रोक, होगी कार्रवाई

मिड-डे मील और राशन की होगी नियमित सैंपलिंग

छोटे विक्रेताओं के लिए लगेंगे लाइसेंस रजिस्ट्रेशन कैंप

लखनऊ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आदेशों के अनुपालन में मंगलवार, 18 अगस्त 2026 को चंदौली जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में 'खाद्य एवं औषधि प्रशासन जिला स्तरीय सलाहकार समिति' की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई। अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में आम जनता को शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने और सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने पर चर्चा हुई।

food-safety-meeting-action-on-meat-shops-news

खुले में मांस बेचने वाली दुकानों पर होगी सख्त कार्रवाई

बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) के अधिशासी अधिकारी को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में विशेष अभियान चलाकर खुले में मांस बेचने वाली दुकानों पर तत्काल प्रभाव से कानूनी कार्रवाई की जाए और उन्हें बंद कराया जाए। इसके अलावा जिले में खाद्य कारोबारियों के लाइसेंस और पंजीकरण का दायरा बढ़ाने के लिए भी अभियान चलाने को कहा गया।

मिड-डे मील और कोटे के राशन की होगी जांच

जनता के स्वास्थ्य से कोई समझौता न हो, इसके लिए ADM रतन वर्मा ने मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील), बाल विकास एवं पुष्टाहार योजना और सार्वजनिक वितरण प्रणाली (कोटे का राशन) के तहत बांटे जाने वाले खाद्य पदार्थों के अनिवार्य रूप से सर्विलेंस सैंपल लेने के आदेश दिए। वहीं छोटे फुटकर विक्रेताओं और फेरीवालों की सुविधा के लिए विशेष शिविर (कैंप) लगाकर उनके खाद्य लाइसेंस व रजिस्ट्रेशन बनाने के निर्देश दिए गए।

 कई विभागों के अफसर रहे मौजूद

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमल निवास त्रिपाठी द्वारा संचालित इस बैठक में कई प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जिला विकास अधिकारी श्रीमती श्वेता सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी तथा उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने भाग लिया और अपने सुझाव साझा किए।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*