जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली के हाईवे वाले ढाबों पर नॉनवेज की बिक्री बंद: चंदौली में मिलावटखोरों पर कसा शिकंजा, QR कोड से सीधे दर्ज होगी शिकायत

सावन माह और कांवड़ यात्रा को देखते हुए चंदौली खाद्य सुरक्षा विभाग ने इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 की फैक्ट्रियों में छापेमारी की। सूजी, आटा और बेसन के सैंपल लैब भेजे गए हैं। हाईवे के ढाबों पर नॉनवेज की बिक्री रोकने के सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।

 
 

इंडस्ट्रियल एरिया में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी

आटा, सूजी, बेसन व सत्तू के नमूने लैब भेजे गए

सावन में हाईवे ढाबों पर नॉनवेज बिक्री पर रोक

स्वच्छता बनाए रखने के लिए ढाबा संचालकों को निर्देश

QR कोड/स्टीकर से सीधे दर्ज होगी ग्राहकों की शिकायत

चंदौली जिले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के आयुक्त और जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के आदेश पर एक विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसका मकसद सावन माह और कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और कांवड़ियों को साफ, शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि श्रद्धालुओं की सेहत के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

food-safety-raid-sawan-kanwar-yatra-dhaba-rules

इंडस्ट्रियल एरिया में छापेमारी, लैब भेजे गए खाद्य सैंपल
सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय धीरेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम ने इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 के कई प्रतिष्ठानों पर अचानक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 'गणेश कंज्यूमर प्रोडक्ट्स' से सूजी, आटा, दलिए, बेसन, सत्तू और मैदा के नमूने लिए गए। वहीं 'बिंदु एग्रो इंडस्ट्रीज' से मक्के की सूजी और मक्के के आटे के सैंपल एकत्र किए गए। इन सभी नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए लैब भेज दिया गया है, जहां से रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

food-safety-raid-sawan-kanwar-yatra-dhaba-rules

हाईवे के ढाबों पर नॉनवेज बिक्री पर पूरी तरह रोक
अभियान के तहत नेशनल हाईवे पर स्थित सभी होटलों और ढाबों की गहन जांच की गई। अधिकारियों ने सभी ढाबा संचालकों को कड़े निर्देश दिए हैं कि परिसर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। इसके साथ ही सावन के पवित्र महीने के दौरान ढाबों और होटलों पर मांसाहारी (नॉनवेज) भोजन की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया गया है।

food-safety-raid-sawan-kanwar-yatra-dhaba-rules

QR कोड और स्टीकर से सीधे फीडबैक दे सकेंगे ग्राहक
व्यवस्था में पारदर्शिता लाने और ग्राहकों की सुविधा के लिए होटलों व ढाबों के प्रमुख स्थानों पर फीडबैक और शिकायत वाले स्टीकर चिपकाए जा रहे हैं। इन स्टीकर के QR कोड के जरिए ग्राहक सीधे अपनी संतुष्टि या शिकायत दर्ज करा सकेंगे। इस कार्रवाई के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमल निवास त्रिपाठी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरविंद कुमार और रणधीर सिंह यादव मुख्य रूप से मौजूद रहे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*