चंदौली में 22 जुलाई से शुरू होगा पशुओं का मुफ्त टीकाकरण, खुरपका-मुंहपका बीमारी से बचेगी 3 लाख मवेशियों की जान
चंदौली में पशुओं को खुरपका-मुंहपका रोग से बचाने के लिए 22 जुलाई से 5 सितंबर 2026 तक विशेष टीकाकरण अभियान चलेगा। राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत करीब 3 लाख पशुओं को मुफ्त में टीका लगाया जाएगा।
चंदौली में मुफ्त पशु टीकाकरण अभियान
3 लाख पशुओं को लगेगा टीका
22 जुलाई से शुरू होगा अभियान
घर-घर जाकर टीका लगाएगी टीम
खुरपका मुंहपका बीमारी से बचाव
चंदौली जिले के पशुपालकों के लिए राहत भरी खबर है। मवेशियों को जानलेवा खुरपका-मुंहपका बीमारी से बचाने के लिए जिले में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ० योगेश ने बताया कि राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत 22 जुलाई 2026 से पूरे जिले में विशेष टीकाकरण अभियान शुरू किया जा रहा है।
3 लाख पशुओं को मुफ्त में लगेगा टीका
यह विशेष अभियान 22 जुलाई से शुरू होकर 5 सितंबर 2026 तक लगातार चलाया जाएगा। इस दौरान जिले के लगभग तीन लाख पशुओं को बिल्कुल मुफ्त में टीका लगाया जाएगा। इस पूरे अभियान को सफल बनाने और समय पर पूरा करने के लिए पशुपालन विभाग ने अपनी ओर से सभी तैयारियां तेज कर दी हैं।
गांव-गांव और घर-घर पहुंचेगी विभागीय टीम
अभियान को हर पशु तक पहुंचाने के लिए जिले के सभी 9 विकास खंडों में मौजूद 17 पशु चिकित्सालयों को जिम्मेदारी दी गई है। पशु चिकित्सा अधिकारियों के नेतृत्व में कई टीमें बनाई गई हैं। ये टीमें गांव-गांव और घर-घर जाकर मवेशियों का टीकाकरण करेंगी, ताकि कोई भी पशु इस सुरक्षा चक्र से छूट न जाए।
पशुपालकों से सहयोग की अपील और निगरानी
विभाग का मुख्य मकसद हर पशु को इस संक्रामक बीमारी से पूरी तरह सुरक्षित करना है। इसके लिए तय शेड्यूल के अनुसार क्षेत्रों में पहले से जानकारी दी जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक पूरे अभियान की लगातार निगरानी भी की जाएगी। विभाग ने पशुपालकों से भी अपील की है कि वे टीमों का सहयोग करें ताकि 5 सितंबर तक का लक्ष्य आसानी से पूरा हो सके।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








