रेवसा ITI में रक्षाबंधन पर भव्य समारोह: रक्षाबंधन पर CM योगी का बड़ा तोहफा, 3 दिन फ्री बस सफर, 60+ महिलाओं को जीवनभर मुफ्त यात्रा
रक्षाबंधन पर उत्तर प्रदेश सरकार ने महिलाओं को बड़ा तोहफा दिया है। 27 से 29 अगस्त तक बस यात्रा पूरी तरह मुफ्त रहेगी, जबकि 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को जीवनभर फ्री सफर की सुविधा मिलेगी।
महिलाओं को तीन दिन फ्री बस सफर
60 प्लस महिलाओं को आजीवन मुफ्त यात्रा
चंदौली आईटीआई रेवसा में भव्य समारोह
लोकमाता अहिल्याबाई मातृ शक्ति योजना शुरू
800 से अधिक महिलाओं की रही उपस्थिति
चंदौली जनपद के आईटीआई रेवसा सभागार में रक्षाबंधन के पावन अवसर पर एक भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयाल' ने की। जनपद स्तर पर आयोजित इस विशेष समारोह में जिले भर से आई 800 से अधिक महिलाओं ने बेहद उत्साह के साथ भाग लिया।

सीएम योगी ने 'लोकमाता अहिल्याबाई मातृ शक्ति योजना' की शुरुआत की
लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'लोकमाता अहिल्याबाई मातृ शक्ति निशुल्क बस यात्रा योजना' का शुभारंभ किया। चंदौली के सभागार में उपस्थित सभी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और महिलाओं ने मुख्यमंत्री के लाइव संबोधन का सीधा प्रसारण देखा। अपने संबोधन में सीएम योगी ने प्रदेश की सभी बहनों और माताओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
महिलाओं को तीन दिन फ्री बस सफर
— Chandauli Samachar (@chandaulinews) August 26, 2026
60 प्लस महिलाओं को आजीवन मुफ्त यात्रा
चंदौली आईटीआई रेवसा में भव्य समारोह
लोकमाता अहिल्याबाई मातृ शक्ति योजना शुरू@CMOfficeUP @dmchandauli @cdochandauliup @dayalugurubjp pic.twitter.com/nuZtYqT4yL
3 दिन फ्री सफर और 60 प्लस महिलाओं को आजीवन मुफ्त यात्रा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की महिलाओं को रक्षाबंधन का ऐतिहासिक तोहफा दिया। योजना के तहत 27 अगस्त से 29 अगस्त तक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम और सिटी बसों में सभी महिलाएं अपने सहयात्री के साथ बिल्कुल मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। इसके अलावा, 60 वर्ष से अधिक उम्र की बुजुर्ग महिलाएं अपनी आईडी कार्ड दिखाकर जीवनभर पूरे उत्तर प्रदेश में कहीं भी मुफ्त बस यात्रा कर सकेंगी।

मातृशक्ति के सम्मान और सुरक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध: आयुष मंत्री
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयाल' ने कहा कि रक्षाबंधन केवल धागों का त्योहार नहीं, बल्कि बहनों के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन का संकल्प है। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग माताओं को जीवनभर फ्री बस सफर का अधिकार देना राज्य सरकार की महिला सशक्तिकरण के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सरकार हर कदम पर मातृशक्ति के साथ मजबूती से खड़ी है।

मुफ्त स्कूटी और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का भी जिक्र
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) के विधायक रमेश जायसवाल ने कार्यक्रम में सरकार की अन्य योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि अक्टूबर या नवंबर महीने में स्नातक की पढ़ाई कर रही प्रदेश की 50 हजार छात्राओं को राज्य सरकार फ्री स्कूटी उपलब्ध कराने जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने कन्या सुमंगला योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और पक्के आवास जैसी योजनाओं का उल्लेख किया।
प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया महिलाओं का मान
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं को सम्मानित भी किया गया। आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र, विधायक रमेश जायसवाल, जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई ने उपस्थित महिलाओं को अंगवस्त्र एवं मिठाई भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, आयुष मंत्री के जनसंपर्क अधिकारी गौरव राठी सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







